बढ़ती महंगाई: कांग्रेस ने मोदी सरकार पर साधा निशाना, जयराम रमेश ने पूछा - अच्छे दिन कहां गए, प्रधानमंत्री दें जवाब

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार की घेरेबंदी तेज कर दी है। प्रमुख विपक्षी दल ने कहा है कि देश में खाद्य पदार्थों की कीमतों में बेतहाशा उछाल ने मध्यम और गरीब वर्ग की कमर तोड़ दी है। बढ़ती महंगाई के कारण गरीब तबके के घरों में दाल और जरूरी खाद्य सामग्रियां पहुंच से बाहर हो रही हैं। लेकिन प्रधानमंत्री जी महंगाई पर चुप हैं। कांग्रेस ने कहा कि देश प्रधानमंत्री से जानना चाहता है कि “अच्छे दिन” कहां गए? जनता भूखी रहे, सरकार चुप रहे, क्या यही है नया भारत?
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्रियों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। पिछले एक महीने में मसालों के दामों में 10 से 25 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी हुई है। छोटी इलायची 4000 रुपये से बढ़कर 4400 रुपये प्रति किलो, बड़ी इलायची 2400 रुपये से 2800 रुपये प्रति किलो और जीरा 360 रुपये से उछलकर 400 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। जावित्री के दाम 2500 रुपये से बढ़कर सीधे 3000 रुपये प्रति किलो हो गए हैं।
यह भी पढ़े -'नशामुक्त भारत' पर मंथन अमित शाह 22 सितंबर को करेंगे एएनटीएफ प्रमुखों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन
जयराम ने कहा कि अरहर (तुअर) दाल 100 रुपये से बढ़कर 130 रुपये, चना दाल 70 रुपये से 100 रुपये और उड़द 120 रुपये से 140 रुपये प्रति किलो हो गई है। सरसों तेल 190 रुपये से 210 रुपये और सफोला तेल 240 रुपये से 280 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुका है। जून से सितंबर के दौरान प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 29.50 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 53.78 रुपये प्रति किलो हो गई, यानी महज साढ़े तीन महीने में 82.3 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बढ़ती महंगाई के कारण गरीब तबके के घरों में दाल और जरूरी खाद्य सामग्रियां पहुंच से बाहर हो रही हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मोदी सरकार को इस अनियंत्रित महंगाई पर तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए और आम जनता को राहत देनी चाहिए।
Created On :   21 Sept 2026 6:26 PM IST












