वित्त वर्ष 2026–27: सरस आजीविका मेला की तारीखों का ऐलान, अक्टूबर 2026 से फरवरी 2027 तक गुरुग्राम और दिल्ली में लगेंगे मेले

New Delhi News. ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए राष्ट्रीय स्तर पर होने वाले सरस (ग्रामीण कारीगरों की वस्तुओं की बिक्री समिति) आजीविका मेलों के कैलेंडर की घोषणा कर दी है। तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तीन बड़े सरस मेले होंगे। सरस आजीविका मेला 2026 22 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 (17 दिन) तक लीजर वैली पार्क, गुरुग्राम में लगेगा। इसके बाद सरस फूड फेस्टिवल 2026 21 नवंबर से 8 दिसंबर 2026 (18 दिन) तक सुंदर नर्सरी, नई दिल्ली में आयोजित होगा।
मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि सरस आजीविका मेला 2027 1 फरवरी से 28 फरवरी 2027 (28 दिन) तक राष्ट्रीय राजधानी स्थित मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित होगा। ये मेले ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और कारीगरों को अपने उत्पाद बेचने के लिए राष्ट्रीय स्तर का मंच देते हैं।
यह भी पढ़े -ऑटो-टैक्सी ड्राइवरों के लिए मराठी अनिवार्यता पर संजय निरुपम ने कहा- कमजोर वर्गों पर दबाव डालना उचित नहीं
ये मेले देशभर के स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को एक साथ लाते हैं और ग्रामीण महिलाओं को सीधे शहरी उपभोक्ताओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी आय और पहचान में वृद्धि होती है। इन मेलों में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों की भागीदारी होती है, जो हथकरघा, हस्तशिल्प, प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों तथा क्षेत्रीय व्यंजनों सहित विविध क्षेत्रीय उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
मंत्रालय ने बताया कि यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सीधे बाजार तक पहुंच प्रदान करती है, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को बढ़ावा देती है तथा पैकेजिंग, ब्रांडिंग और विपणन में क्षमता निर्माण को समर्थन देती है।
Created On :   24 April 2026 8:12 PM IST









