भावांतर भंवर: छोटे किसानों के लिए ट्रांसपोर्ट रूट चार्ट होगा तैयार

bhavantar scheme: transport route chart will prepared for farmers
भावांतर भंवर: छोटे किसानों के लिए ट्रांसपोर्ट रूट चार्ट होगा तैयार
भावांतर भंवर: छोटे किसानों के लिए ट्रांसपोर्ट रूट चार्ट होगा तैयार

डिजिटल डेस्क उमरिया । भावांतर के भंवर में फंसे किसानों को मण्डी तक लाने के लिए प्रशासन परिवहन की तैयारी में है। गांव-गांव छोटे व मझौले किसानों को राहत स्वरुप ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था शुरू होगी। फसल बिक्री करने के बाद हर हाल में किसान को तुरंत भुगतान की व्यवस्था कराई जायेगी। योजना के तहत आठ फसल में अब तक 17 लोगों ने 48.35 क्विंटल अनाज पहुंचा। इनमे सोयाबीन, मक्का एवं उड़द ही शामिल हैं। 50 हजार से कम वाले ऐसे किसानों को एक लाख 10 हजार 709 रूपये भुगतान किया गया है। गौरतलब है कि जिले में 18,273 लोगों का पंजीयन किया गया है। राजस्व विभाग द्वारा 18,204 कृषकों का सत्यापन किया गया है। शेष कल 3 नवंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
किसानों के साथ व्यापारी भी कतार में
योजना में फसल बिक्री के लिए जिला प्रशासन द्वारा गांव में छुटपुट व्यापारियों द्वारा भावांतरण की सात फसलों का लेनदेन पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। ऐसी स्थिति में अभी तक कई लोग ऐसे भी हैं, जिन्होंने शुरूआती दिनों में स्टॉक कर रखा था, जिसे अब खपाने मण्डी पहुंच रहे हैं। बुधवार को कृषि उपज मण्डी में घुलघुली से एक व्यापारी उड़द बेचने आया। दूसरी ओर किसानों की उपज खरीदी के लिए जिले में पंजीकृत बड़े व्यापारी अभी भी मण्डी से दूरी बनाये हुये हैं। महज 5-6 लोग खुली बोली लगा रहे हैं। चंदिया, मानपुर क्षेत्र के व्यवसायी मण्डी से दूर हैं।
लगाये जायेंगे कैमरे
मण्डी में फसल बिक्री को लेकर पर्ची व भुगतान को लेकर कुछ किसानों के साथ गड़बड़ी का मामला भी सामने आ रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन द्वारा मामला संज्ञान में लेते हुए निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाये जा सकते हैं। मानीटरिंग के लिए प्रशासनिक दस्ता औचक निरीक्षण करेगा। वहीं गांव में भ्रमण के लिए पहले ही उडऩ दस्ता गठित किया गया है। हालांकि अभी तक परिणाम तलाशने में उडऩदस्ता फेल रहा है।
मण्डी में स्टॉफ की स्थिति
अभी तक औपचारिकताओं के साथ चल रही कृषि उपज मण्डी में ठीक ठाक स्टाफ है। प्रबंधन की जानकारी अनुसार वर्तमान में 13 सहायक उपनिरीक्षक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। निरीक्षक का एक पद उमरिया में तथा सहायक मण्डी चंदिया में भरा हुआ है। वहीं हाट बाजार मानपुर में सहायक उपनिरीक्षक खरीदी पर नजर रखता है। सचिव शाहिर खान के जिम्मेदार उमरिया, चंदिया, मानपुर का क्षेत्र है।
अभी तक हुई खरीदी की स्थिति (पंजीकृत व गैर किसानों के साथ)
फसल     किसान संख्या    मात्रा (क्विं.) में
सोयाबीन    29        192.28                    
मक्का        37        197.10
तिल        29        221.15
उड़द         25        38.21
इनका कहना है
मण्डी में खरीदी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसानों को उचित भाव मिल सके इसके लिए उमरिया के अलावा चंदिया, मानपुर के व्यापारियों को पूर्व में ही नोटिस भेजा गया है। अभी ट्रांसपोर्ट संबंधी सुविधा की जानकारी नहीं मिली है।
शाहिर खान, सचिव कृषि उपज मण्डी उमरिया।
जल्द ही छोटे व मझौले किसानों के लिए परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। रूट चार्ट तैयार हो रहा है। भावांतर फसलों की कहीं भी खरीदी की सूचना मिलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। मण्डी में किसानों के रूकने की सुविधा सुधारी गई है। किसी भी तरह की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होगी।
माल सिंह, कलेक्टर उमरिया।

 

Created On :   2 Nov 2017 12:32 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story