पैसों के लेन-देन पर किन्नर चमचम पर जानलेवा हमला, किन्नर उत्तमबाबा समेत 3 गिरफ्तार

Kinnar Uttam baba attacked Kinnar Chamcham Gajbhiye, 3 arrested
पैसों के लेन-देन पर किन्नर चमचम पर जानलेवा हमला, किन्नर उत्तमबाबा समेत 3 गिरफ्तार
पैसों के लेन-देन पर किन्नर चमचम पर जानलेवा हमला, किन्नर उत्तमबाबा समेत 3 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कलमना थानांतर्गत कामना नगर में पैसे के लेन-देन को लेकर किन्नर उत्तमबाबा ने साथियों के साथ किन्नर चमचम गजभिये पर घातक शस्त्र से हमला कर दिया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। आरोपियों ने किन्नर राखी खोब्रागडे की भी पिटाई की है। कलमना के वरिष्ठ थानेदार विश्वनाथ चव्हाण ने बताया कि आरोपी उत्तमबाबा चव्हाण, चट्टू उर्फ कलम उइके सहित 3 आरोपियों को गिरफ़्तार किया गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

बढ़ा विवाद
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रोजाना की तरह  उत्तमबाबा के घर पर किन्नर एकत्रित हुए। प्रत्येक को शहर का एरिया बांट दिया गया था। उसके बाद सभी ऑटो से निकल गए थे। दोपहर करीब 1.45 बजे राखी वसंता खोब्रागडे (निर्मल काॅलोनी, नारा घाट) व प्रवीण उर्फ चमचम प्रकाश गजभिये (मानकापुर) कलमना क्षेत्र में कामना नगर निवासी व किन्नर उत्तम बाबा के घर पहुंचे। उत्तम बाबा अपने साथी चट्टू उर्फ कलम उईके, किरण गौरी, निसार शेख  व अन्य दो अज्ञात साथियों के साथ बैठा था। वहां पर पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। उत्तमबाबा और उसके  साथियों ने विवाद बढ़ने पर चमचम पर चाकू व लाठियों से वार कर उसकी हत्या का प्रयास किया। किन्नर राखी खोब्रागडे ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उसकी भी जमकर पिटाई कर दी गई। पुलिस ने आरोपी उत्तमबाबा, चट्टू उर्फ कलम उइके व एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चमचम के चेहरे और सिर पर अनेक वार किए गए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर कलमना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने चमचम को कामठी मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया है।

मनपा चुनाव भी लड़ा था उत्तमबाबा
मनपा चुनाव में उत्तर नागपुर से कभी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरे उत्तम बाबा को डर सताने लगा था कि कहीं चमचम उसकी जगह न ले ले। चमचम स्नातकोत्तर है। उसे फिल्मों में काम करने का ऑफर भी मिला था। चर्चा है कि चमचम की बढ़ती लोकप्रियता उत्तम बाबा को हजम नहीं हो रही थी। इसके पहले भी उत्तम बाबा को पिस्तौल व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। उत्तम बाबा पर पहले भी कुछ मामले दर्ज हैं। मौजूदा समय में उनका कलमना क्षेत्र में रहना है। 

Created On :   5 Jun 2019 5:44 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story