कर्ज का नोटिस मिलने पर लगा सदमा , रास्ते में किसान ने तोड़ा दम

Shock on getting notice of loan, farmer broke his path
कर्ज का नोटिस मिलने पर लगा सदमा , रास्ते में किसान ने तोड़ा दम
कर्ज का नोटिस मिलने पर लगा सदमा , रास्ते में किसान ने तोड़ा दम

 डिजिटल डेस्क कटनी । दो दशक पहले सहकारी बैंक से लिए गए कर्ज का नोटिस मिलने पर एक किसान की मौत का मामला सामने आया है।  उमरियापान निवासी रामकुमार चौरसिया (60) की खेत में काम करते समय अचानक तबियत बिगड़ी और वे घर चले आए। यहां से परिजन पहले उमरियापान अस्पताल ले गए। हालत ज्यादा खराब होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने के पहले ही बीच रास्ते में रामकुममार चौरसिया ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने इसकी सूचना भी थाने में दर्ज कराई है। कर्ज का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के अन्य लोगों ने भी नोटिस मिलने की चर्चा की। परिजनों को मृतक की जेब से सहकारी बैंक उमरियापान की शाखा द्वारा 29 फरवरी 2020 को जारी किया गया एक नोटिस मिला, जिसमें एक सप्ताह के भीतर 107055 रुपये जमा करने  की मोहलत दी गई थी। परिजनों के अनुसार रामकुमार की मौत नोटिस मिलने के बाद सदमे से हुई है।
घर की मरम्मत कराने लिया था कर्ज
परिजनों के अनुसार सन 1997 में भूकम्प के झटके से कई किसानों के घरों की दीवार खराब हो गई थी। मकान की मरम्मत के लिए सहकारी बैंक की उमरियापान शाखा से रामकुमार चौरसिया पिता रोहणी प्रसाद चौरसिया ने कर्ज लिया था। बैंक से कितना का कर्ज लिया था, इसकी जानकारी सिर्फ किसान को ही रही। यह नोटिस किसान को कब मिला। इसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। अचानक तबियत बिगडऩे के बाद परिवार के सदस्य इलाज के लिए उमरियापान अस्पताल फिर बाद में जिला अस्पताल की ओर दौड़े। रास्ते में मौत हो जाने के बाद परिजन किसान को घर ले गए। इस आफत का कोई ठोस कारण परिवार के सदस्य नहीं समझ पा रहे थे। तभी किसी ने जानकारी दी कि कर्ज का नोटिस हम किसानों को मिला है। मृतक की जेब की तलाशी परिजनों ने ली तो उसमें कर्ज का नोटिस मिला।
बेटों से छिन गया पिता का साया
किसान की असमय मौत से घर में मातम छा गया। अपने तीन बेटों के साथ खेती-किसानी कर गुजर-बसर कर रहा था कि किसान की असमय मौत ने बेटों से पिता का साया भी छीन लिया। दो बेटों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बेटे की शादी करने का सपना राजकुमार चौरसिया संजोए हुए थे। 
इनका कहना है
 मृतक के बेटे और अन्य लोगों ने थाना में सूचना दी है कि रामकुमार चौरसिया को कर्ज चुकाने का नोटिस सहकारी बैंक द्वारा दिया गया। जिससे रामकुमार सदमे में आ गए और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। परिजनों के बयान के बाद ही वास्तविक स्थिति का पता चल पाएगा।
 

Created On :   3 March 2020 9:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story