- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- निवाड़ी
- /
- बाबा बर्फानी के जयकारों के बीच...
Niwari News: बाबा बर्फानी के जयकारों के बीच अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना, डीजे-ढोल की धुन पर निकली शोभायात्रा, नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर दी शुभकामनाएं

Niwari News: बाबा बर्फानी के जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच शुक्रवार को निवाड़ी से बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था उत्साहपूर्वक रवाना हुआ। डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर निकली शोभायात्रा में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ "हर-हर महादेव" और "बाबा बर्फानी अमरनाथ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। नगरवासियों ने जगह-जगह फूलमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ यात्रियों का भव्य स्वागत कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।
करीब दो दर्जन श्रद्धालुओं का यह जत्था शाम 4 बजे खंदिया वाले हनुमान मंदिर पर एकत्रित हुआ, जहां विधि-विधान से सभी यात्रियों का सम्मान किया गया। इसके बाद नगर के प्रमुख मार्गों से शोभायात्रा निकाली गई। मार्ग में अनेक स्थानों पर सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने यात्रियों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
यह भी पढ़े -सगाई समारोह में शामिल होने जा रहे वाहन की जोरदार टक्कर, दोनों गाड़ियां पलटी, 12 लोगों की मौत
बताया गया कि निवाड़ी से अमरनाथ यात्रा की यह परंपरा पिछले लगभग 12 वर्षों से लगातार जारी है। इसकी शुरुआत दीपक नामदेव और उनके साथियों ने की थी। समय के साथ इस यात्रा से जुड़ने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। इस वर्ष दीपक नामदेव के साथ अमित जोशी, ऋषि खेवरिया, अनूप बड़ोनिया, विनीत गुप्ता, अथर्व चतुर्वेदी, निखिल मिश्रा सहित दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु यात्रा पर रवाना हुए।
नगर के टैक्सी स्टैंड एवं निवाड़ी तिगैला पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश यादव, देवेंद्र वर्मा तथा मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने भी यात्रियों का फूलमाला पहनाकर और गले मिलकर स्वागत किया। सभी ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सफल अमरनाथ यात्रा की कामना करते हुए सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
Created On :   4 July 2026 3:20 PM IST













