Pandhurna News: स्थापना दिवस समारोह में दिखी मध्यप्रदेश की संस्कृति की झलक

डिजिटल डेस्क,पांढुर्णा। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के सांदीपनि स्कूल परिसर में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गईं, जिन्हें देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद माया नारोलिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ , नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोड़े, कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक विदिता डागर, एसडीएम अलका इक्का, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद, जिला पंचायत सीईओ विनय प्रकाश ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर नेहा सोनी एवं मेघा शर्मा, प्रेक्षा पाठक, नगर पालिका सीएमओ हेमेश्वरी पाटले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। स्थापना दिवस हम सभी के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश की प्रगति में सभी की सहभागिता का आह्वान किया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विभागीय प्रदर्शनियों में दिखा योजनाओं का स्वरूप
समारोह में सांदीपनि विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा में विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया। आयोजन की शुरुआत अतिथियों के आगमन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम्, मध्यप्रदेश गान और संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण के साथ लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी किया गया। महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, कृषि सहित अन्य विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी गई। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्सव और प्रदेश गौरव का माहौल देखने को मिला।
Created On :  
