- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पन्ना
- /
- 10 लाख की फिरौती मांगने का दावा,...
Panna News: 10 लाख की फिरौती मांगने का दावा, रातभर सर्च कर युवक को पुलिस ने सकुशल किया बरामद

Panna News: नगर के एक कपड़ा व्यापारी के 20 वर्षीय पुत्र के कथित अपहरण और 10 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में पवई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि युवक से पूछताछ में सामने आया घटनाक्रम संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार शनिवार की रात करीब 8 बजे थाना पवई को सूचना मिली कि नगर के झंडा बाजार निवासी कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे के 20 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा का कुछ अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है और उसकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी जा रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान तथा एसडीओपी भावना दांगी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने देर रात तक लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। बारिश और अंधेरे के बावजूद कई किलोमीटर पैदल तलाश के बाद युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
घटनाक्रम संदिग्ध
पुलिस के अनुसार युवक के बयान में सामने आया घटनाक्रम संदिग्ध है। मामले में सभी संदिग्ध तीन आरोपियों की पहचान कर ली गई है साथ ही घटना में प्रयुक्त दो मोटर साइकिलों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। वहीं इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक बुद्ध सिंह यादव, नीरज रैकवार, आरक्षक रमाकांत कुर्मी, आशीष अवस्थी तथा साइबर सेल पन्ना की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Created On :   29 Jun 2026 4:43 PM IST















