Panna news: जंगल में पत्थरों के नीचे दबा मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

जंगल में पत्थरों के नीचे दबा मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

डिजिटल न्यूज़ पन्ना /पहाड़ीखेरा

पन्ना के बृजपुर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र की चौकी पहाड़ीखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहरहाई के मजरा टोला नई बस्ती से डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल के अंदर चट्टान के बीच पत्थरों के नीचे दबा हुआ युवक का शव पुलिस द्वारा सूचना पर बरामद किया गया है।

मृतक की पहचान

मृतक संदीप गोंड़ (21) पिता बखत गोंड़ निवासी ग्राम मनकी, कोतवाली पन्ना का रहने वाला था। परिजनों ने गुरुवार, 10 सितंबर को कोतवाली पन्ना थाने में संदीप की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शव 4 से 5 दिन पुराना होने का अनुमान है।

वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे घटनास्थल

एसडीओपी अजयगढ़ राजीव सिंह भदौरिया, थाना प्रभारी बृजपुर सोनम शर्मा और चौकी प्रभारी पहाड़ी खेड़ा पूर्णानंद मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना भेज दिया है। जिस तरह से और जिस स्थिति में मृतक का शव जंगल में पाया गया है, उस आधार पर घटना को हत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है। चर्चा प्रेम प्रसंग से हत्या कर दिए जाने की भी हो रही है।

Created On :   12 Sept 2026 3:15 PM IST

Tags

Next Story