शाहनगर न्यूज: शाहनगर में अतिथि शिक्षक को जॉइनिंग नहीं, द्वितीय स्थान पर होने के बावजूद भटक रहा अभ्यर्थी

शाहनगर में अतिथि शिक्षक को जॉइनिंग नहीं, द्वितीय स्थान पर होने के बावजूद भटक रहा अभ्यर्थी
पन्ना कलेक्टर, शिक्षा अधिकारी एवं जिला सीईओ से की फरियाद, फिर भी मामला शून्य

शाहनगर डिजिटल डेस्क। शाहनगर का सीएम राइज / सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है। यहां अतिथि शिक्षक वर्ग-1 (राजनीति विज्ञान) के पद को लेकर मामला सामने आया है।

पन्ना जिले के मोहन्द्रा निवासी अभ्यर्थी आयूष अहिरवार ने कलेक्टर पन्ना, जिला शिक्षा अधिकारी पन्ना और जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी को शिकायती आवेदन देकर जांच की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, अभ्यर्थी 172 अंकों के साथ विकासखंड शाहनगर के पैनल में दूसरे क्रमांक पर है। सीएम राइज स्कूल शाहनगर में राजनीति विज्ञान का पद GFMS पोर्टल पर आज भी रिक्त प्रदर्शित हो रहा है।

अभ्यर्थी का आरोप है कि दिनांक 05 सितंबर 2026 को जॉइनिंग के लिए उपस्थित होने पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य भरत लाल पांडेय द्वारा बिना किसी लिखित कारण के जॉइनिंग देने से मना कर दिया गया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि पैनल में प्रथम क्रमांक पर चयनित अभ्यर्थी स्वेच्छा से जॉइनिंग नहीं कर रहा है, ऐसी स्थिति में नियमानुसार द्वितीय क्रमांक के अभ्यर्थी को अवसर मिलना चाहिए।

विकासखंड शिक्षा अधिकारी से शिकायत के बाद भी निराकरण न होने पर अभ्यर्थी ने कलेक्टर कार्यालय में आवेदन दिया है। अभ्यर्थी ने मांग की है कि GFMS पोर्टल, पैनल और रिक्त पद की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार जॉइनिंग दिलाई जाए।


Created On :   11 Sept 2026 6:45 PM IST

Tags

Next Story