शाहनगर न्यूज: मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान अंतर्गत शाहनगर विकासखंड में लगा शिविर

कलेक्टर सहित विभागीय अधिकारी हुए शामिल आवेदन प्राप्त कर समस्याओं का किया गया निराकरण

शाहनगर ङिजिटल ङेस्क

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान कार्यक्रम अंतर्गत शुक्रवार को शाहनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत पुरैना एवं जनपद पंचायत शाहनगर में शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर कलेक्टर ऊषा परमार एवं जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी सहित अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा शिविर में सहभागिता कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। शिविर स्थल पर शिकायत एवं समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए। पुरैना के शिविर में जिला कलेक्टर द्वारा ग्रामीणजनों से संवाद कर विभिन्न समस्याओं के निराकरण और योजनाओं के लाभ संबंधी जानकारी ली गई। साथ ही सभी ग्रामवासियों से अधिकाधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला और विकासखंड स्तरीय अधिकारियों ने लोगों को विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी। पुरैना के शिविर में लाडली बहना योजना की महिला लाभार्थी एवं स्वसहायता समूह से जुड़ी दीदी द्वारा अपने अनुभव साझा किए गए और शासन की मदद एवं योजनाओं के लाभ से दैनिक व सामाजिक जीवन में आए बदलाव की जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा पंचायत में संचालित विकासपरक कार्यों और अन्य आवश्यक कार्यों के बारे में अवगत कराया गया। इसी क्रम में जनपद पंचायत शाहनगर में भी शिविर लगाया गया। यहां भी उपस्थित ग्रामवासियों से आवेदन प्राप्त कर उनकी समस्याएं निराकृत की गईं। जिला कलेक्टर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर जन समस्याओं का निराकरण पहली प्राथमिकता है। जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तरीय शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण के लिए अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। अभियान के माध्यम से विकास कार्यों की मॉनिटरिंग भी संचालित है। प्रत्येक आवेदनों को पोर्टल पर दर्ज करने के साथ ही निराकरण की स्थिति ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी। शिविर में पशुपालन विभाग के हितग्राहियों द्वारा विभागीय योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी दी गई।

पुरैना में उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शाहनगर तहसील क्षेत्रांतर्गत औद्योगिक क्षेत्र पुरैना स्थित कटनी मिनरल्स प्रा.लि. में उद्यम संवाद कार्यक्रम के माध्यम से उद्योग प्रतिनिधियों के साथ निवेश में बढ़ोत्तरी और औद्योगिक विकास के संबंध में चर्चा की गई। उद्यमियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर सड़क और सुरक्षा व्यवस्था आवश्यक है। रेड जोन इंड्रस्टी के माध्यम से निवेश संभावनाओं पर व्यापक चर्चा की गई। इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। उद्योगपतियों ने पुरैना में कैम्प ऑफिस स्थापित करने सहित अन्य बहुमूल्य सुझाव भी दिए। इस मौके पर पन्ना जिले में औद्योगिक विकास की व्यापक संभावना पर विचार विमर्श किया गया। उद्यम संवाद कार्यक्रम में नवीन उद्यम स्थापना एवं नव उद्यमियों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। एमपीआईडीसी क्षेत्रीय कार्यालय सागर के प्रबंधक पी.के. उपाध्याय द्वारा जानकारी प्रदान की गई कि औद्योगिक क्षेत्र पुरैना 105 हेक्टेयर में स्थापित है। उद्योगों को जल आपूर्ति के लिए जल प्रदाय योजना का कार्य प्रगति पर है। नवीन औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने भी उद्योगों को आकर्षित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। इस अवसर पर विद्युत मंडल के अधीक्षण यंत्री सहित एसडीएम रामनिवास चौधरी, तहसीलदार कोमल सिंह, एमपीआईडीसी के प्रबंधक आदित्य शर्मा, प्रबंधक कुलदीप चौरहा, उद्योगपति पवन मित्तल, राकी राजपलानी, संतोषी राइस मिल के संचालक एवं अन्य उद्योगपति व विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।


Created On :   11 Sept 2026 6:28 PM IST

Tags

Next Story