- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- पवई
- /
- पहली ही बारिश में जल भराव की...
Pawai News: पहली ही बारिश में जल भराव की स्थिति, वार्ड-15 में घरों के अंदर तक पहुंचा पानी, अंबेडकर पार्क से तहसील चौराहा बना तालाब

Pawai News: बारिश की पहली तेज बरसात ने ही नगर परिषद के दावों को पानी-पानी कर दिया। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद वार्ड क्रमांक-15 का अंबेडकर पार्क से तहसील चौराहे तक का इलाका देखते ही देखते तालाब में बदल गया। सड़कें लबालब हो गईं, पानी घरों घुस गया और लोग अपनी गृहस्थी बचाने में जुट गए। जलभराव अधिक था कि दोपहिया और चारपहिया वाहन को निकलने मे परेशानी का सामना करना पड़ा।। अंबेडकर पार्क से तहसील चौराहे तक सड़क पर दो फीट तक पानी भर गया। लोगों के घरों में नालियों का गंदा पानी घुसने से घरेलू सामान खराब हो गया।
रास्ते बंद, लोग घरों में कैद
जलभराव के कारण पूरे इलाके में आवागमन बाधित हो गया। कई वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जबकि पैदल निकलना भी लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हुआ। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश में यही हाल होता है, लेकिन स्थायी समाधान की ओर कोई कदम नहीं उठाया जाता।
कचरे से जाम नालियां बनीं बड़ी वजह
रहवासियों का आरोप है कि समय पर नालियों की सफाई नहीं होने से उनमें प्लास्टिक और कचरा भर गया। पानी की निकासी बंद होते ही पूरी सड़क तालाब बन गई और गंदा पानी घरों में घुस गया। लोगों का कहना है कि यदि अभी यह स्थिति है तो लगातार बारिश होने पर हालात और भयावह हो सकते हैं।
रहवासियों का सवाल आखिर कब मिलेगी राहत?
क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष जलभराव की समस्या झेलनी पड़ती है, लेकिन जिम्मेदार विभाग केवल आश्वासन देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं।
Created On :   4 July 2026 3:41 PM IST














