- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- गणेश सिंह ने कहा - खनन क्षेत्रों का...
New Delhi News: गणेश सिंह ने कहा - खनन क्षेत्रों का सीमांकन और प्रदूषण की स्वतंक्षत्र जांच कराए केंद्र

New Delhi News. मध्य प्रदेश के सतना से भाजपा सांसद गणेश सिंह ने राज्य के नवगठित जिले मैहर में सीमेंट संयंत्रों की रोपवे परियोजनाओं एवं खनन गतिविधियों द्वारा हो रहे पर्यावरण उल्लंघन का मामला बुधवार को लोकसभा में उठाया। उन्होंने सरकार से एक उच्चस्तरीय केंद्रीय टीम भेजकर रोपवे परियोजनाओं और खनन क्षेत्रों का सीमांकन कराने और संयंत्रों द्वारा किए जा रहे प्रदूषण की स्वतंत्र जांच कराकर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
लोकसभा में नियम 377 के तहत इस मामले को उठाते हुए गणेश सिंह ने कहा कि मैहर जिले में स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट सरलानगर रिलायंस बिरला कॉर्प बिरला परफेक्ट सीमेंट मैहर, भरौली मैहर सहित विभिन्न सीमेंट संयंत्रों द्वारा संचालित रोपवे परियोजनाएं सघन वन क्षेत्रों से होकर गुजरती हैं।
इन परियोजनाओं के लिए जितनी भूमि स्वीकृत की गई थी, ये कंपनियां उससे कहीं अधिक वन क्षेत्र का अनाधिकृत दोहन कर रही हैं। स्वीकृत सीमा के बाहर हजारों की संख्या में बेशकीमती वृक्षों की अंधाधुंध कटाई की गई है और यह अवैध कार्य आज भी निरंतर जारी है। इससे न केवल हरित क्षेत्र का विनाश हो रहा है, बल्कि क्षेत्र के प्राकृतिक जीवों के आवास भी नष्ट हो रहे हैं।
सिंह ने कहा कि इन कंपनियों की खनन गतिविधियों ने स्थिति को और भी भयावह बना दिया है। नियमानुसार, खनन के बाद वृक्षारोपण और पर्यावरण बहाली का जो प्रावधान है, उसे पूरी तरह ताक पर रख दिया गया है। पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 और वन संरक्षण अधिनियम 1980 के मानकों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है।
Created On :   1 April 2026 5:42 PM IST












