Satna News: बेरहमी से पिटाई कर बुजुर्ग की हत्या पर 2 गिरफ्तार

बेरहमी से पिटाई कर बुजुर्ग की हत्या पर 2 गिरफ्तार
पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपियों ने उसे काफी दूर तक घसीट दिया

डिजिटल डेस्क,सतना। बेरहमी से मारपीट कर बुजुर्ग की हत्या करने पर उचेहरा पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। टीआई सतीश मिश्रा ने बताया कि 29 मार्च की शाम को ज्ञान प्रताप पुत्र सुकुरु चौधरी 65 वर्ष, निवासी वार्ड-3 उचेहरा, को आरोपी समयलाल पुत्र जगतदेव चौधरी 25 वर्ष और देवलाल पुत्र छकौड़ीलाल चौधरी 31 वर्ष, निवासी संजयनगर, मजदूरी के लिए घर से बुला ले गए थे।

काम खत्म होने पर हत्थाबाबा के पास तीनों ने एक साथ शराबखोरी की, जिसके बाद बुजुर्ग ने मजदूरी के पैसे मांगे तो आरोपी भडक़ गए और गाली-गलौज करते हुए जमकर मारपीट करने लगे। पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपियों ने उसे काफी दूर तक घसीट दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल होकर रातभर हत्थाबाबा पुलिया के पास पड़ा रहा।

रातभर पुलिया के पास पडा रहा मृतक

अगली सुबह परिजन खोजते हुए मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से जख्मी पीड़ित को हॉस्पिटल ले गए और थाने में भी सूचना दी तो पुलिस ने उसके बयान पर मारपीट का अपराध पंजीबद्ध कर लिया।

दोपहर बाद हालत बिगड़ने पर ज्ञान प्रताप को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन सतना पहुंचने के कुछ देर बाद ही उसकी सांसें थम गईं, जिस पर मर्ग कायम कर मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया, तो वहीं मारपीट में हत्या की धारा बढ़ाते हुए आरोपी समय लाल और देवलाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया, जिन्हें दोपहर बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Created On :   1 April 2026 2:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story