Satna News: 4.50 लाख की अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

4.50 लाख की अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
आरोपी के खिलाफ पूर्व से 10 गंभीर अपराध दर्ज हैं, जिसमें वह जेल की हवा खा चुका है।

डिजिटल डेस्क,सतना। मैहर नगर के चंडीगंज-कटरा स्थित एक घर में छापा मारकर पुलिस ने साढ़े 4 लाख की अवैध शराब और बियर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके खिलाफ आबकारी एक्ट में गिरफ्तार कर जांच की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि रविवार की दोपहर को मुखबिर से सूचना मिलने पर एक विशेष टीम को चंडीगंज-कटरा निवासी आदतन बदमाश रिंकू बर्मन पुत्र गोविंद प्रसाद 34 वर्ष के घर पर भेजकर सर्चिंग कराई गई तो 148 लीटर अंग्रेजी शराब और बियर बरामद हो गई, जिसकी कुल कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए निकाली गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी रिंकू बर्मन को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जिसने पूछताछ में सप्लायर समेत सहयोगियों के नाम उगल दिए।

पंजीबद्ध किया गया अपराध

प्राथमिक जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच-पड़ताल प्रारंभ की गई तो वहीं अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है।

उक्त कार्रवाई में कार्यवाहक थाना प्रभारी वंदना गर्ग, एसआई बीपी वर्मा, प्रधान आरक्षक रविन्द्र दोहरे, उपेन्द्र तिवारी, विनोद सिंह, जय बागरी, अरविंद सेन, आरक्षक रंजन कुमार, पवन कुमार, सतीश राय एवं सोमेश सिंह ने अहम भूमिका निभाई।

बताया गया है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से 10 गंभीर अपराध दर्ज हैं, जिसमें वह जेल की हवा खा चुका है। इनमें दो प्रकरण आबकारी एक्ट के भी शामिल हैं।

Created On :   30 March 2026 6:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story