Satna News: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अंतत: गिरफ्त में आया अवैध असलहों का सप्लायर

सिविल लाइन थाना क्षेत्र में अंतत: गिरफ्त में आया अवैध असलहों का सप्लायर
रैकेट में शामिल अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए एक टीम बनाई गई है, जो आने वाले समय में बड़े खुलासे कर सकती है।

डिजिटल डेस्क,सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में लंबे समय से जिले भर में अवैध असलहों की सप्लाई करने वाले आदतन बदमाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

टीआई योगेन्द्र सिंह परिहार ने बताया कि अक्टूबर 2025 में अलग-अलग इलाकों में छापा मारकर 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया था, जिनके कब्जे से 2 पिस्टल, 4 कारतूस और 2 बाइक जब्त कर कड़ाई से पूछताछ की गई थी, जिसमें सप्लायर के तौर पर आरोपी हिमांशु उर्फ सज्जू पुत्र धीरेन्द्र सिंह परिहार 28 वर्ष, निवासी अकौना, थाना नागौद का नाम सामने आया था, तभी से आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी।

आरोपी ने उगले कई नाम

लगभग साढ़े 5 महीने तक लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बाद अंतत: 29 मार्च को मुखबिर से मिली सूचना पर नागौद में छापा मारकर हिमांशु उर्फ सज्जू को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसे पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया।

आरोपी से कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं, जिनके जरिए रैकेट में शामिल अन्य बदमाशों की धरपकड़ के लिए एक टीम बनाई गई है, जो आने वाले समय में बड़े खुलासे कर सकती है।

Created On :   30 March 2026 6:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story