Satna News: मां-बेटी के कब्जे से 4 लाख की ज्वेलरी बरामद, भेजी गईं सेंट्रल जेल, पूर्व में ही सलाखों के पीछे पहुंच चुका ऑटो ड्राइवर

मां-बेटी के कब्जे से 4 लाख की ज्वेलरी बरामद, भेजी गईं सेंट्रल जेल, पूर्व में ही सलाखों के पीछे पहुंच चुका ऑटो ड्राइवर
ऑटो चालक से मिलीभगत कर सवारियों के बैग से नकदी, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाली सिवनी जिले की मां-बेटी को अमरपाटन पुलिस ने रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इससे पूर्व ऑटो ड्राइवर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया था।

Satna News: ऑटो चालक से मिलीभगत कर सवारियों के बैग से नकदी, ज्वेलरी और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाली सिवनी जिले की मां-बेटी को अमरपाटन पुलिस ने रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इससे पूर्व ऑटो ड्राइवर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया था। तीनों के कब्जे से 4 लाख कीमत की ज्वेलरी और 2 लाख का ऑटो रिक्शा जब्त किया गया है।

महिला यात्री के बैग से उड़ा दिए थे गहने---

टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि साधना पति अजीत तिवारी 42 वर्ष, निवासी कठहा, बीते 11 मार्च को बेटी के साथ रीवा से बस में अमरपाटन आईं और कठहा मोड़ पर उतरने के बाद घर जाने के लिए एक ऑटो में बैठ गईं, जिसमें पहले से दो महिलाएं मौजूद थीं, लेकिन धमना गांव के पास पहुंचते ही ड्राइवर ने जरूरी फोन आने की बात कहते हुए महिला को वहीं उतार दिया और वापस चला गया। ऐसे में साधना दूसरी ऑटो से गांव चली गईं, मगर जैसे ही घर पहुंचकर उन्होंने बैग देखा तो उसकी चेन खुली थी और अंदर रखा छोटा पर्स गायब था, जिसमें सोने के एक जोड़ी कंगन, अंगूठी, दो चेन, मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान के झुमके, कान की दो बाली और 5 हजार नकदी गायब थी।

सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग पर हाथ लगा गिरोह---

गहनों की चोरी की बात पता चलते ही महिला ने परिजनों को सूचित कर थाने में शिकायत की, जिस पर कायमी कर जांच-पड़ताल शुरू की गई। इस बीच एक सीसीटीवी फुटेज हाथ लगा, जिसमें ऑटो पर लिखा ट्रैफिक नंबर 194 देखकर महिला ने पहचान कर ली, जिसके आधार पर तलाश करते हुए 24 मार्च को पुलिस टीम ने उक्त ऑटो को पकड़ लिया, जिसमें ड्राइवर समेत दो महिलाएं बैठी थीं। तीनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई तो ऑटो ड्राइवर प्रभाकर पुत्र रमेश कुशवाहा 21 वर्ष, निवासी उदयपुर, मैहर, सविता पति ईश्वरदास सेंडे 50 वर्ष, निवासी टेकाड़ी, जिला सिवनी और उसकी बेटी वंदना पति शेखर सेंडे 30 वर्ष ने जुर्म कबूल कर लिया।

भेजा गया सेंट्रल जेल---

तीन दिन की रिमांड के बाद 26 मार्च को ड्राइवर प्रभाकर को जेल भेज दिया गया तो गहनों की बरामदगी के लिए मां-बेटी की रिमांड दो दिन बढ़ाई गई। शुक्रवार देर शाम को 28 ग्राम सोने की ज्वेलरी बरामद होने के बाद शनिवार की सुबह दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कर सेंट्रल जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एसआई सुशील तिवारी, प्रधान आरक्षक विजय शर्मा, रीता सिंह, लक्ष्मी पटेल, शिवेश कुमार, आरक्षक सुरजीत सिंह, रावेन्द्र मिश्रा, उत्कर्ष वर्मा, अनूप सिंह, सिंधुजा पयासी ने अहम भूमिका निभाई।


Created On :   29 March 2026 2:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story