Satna News: अलग-अलग जगह खेत-खलिहान और घर में लगी आग, गेहूं, चने की फसल समेत ट्रैक्टर जलकर खाक

अलग-अलग जगह खेत-खलिहान और घर में लगी आग, गेहूं, चने की फसल समेत ट्रैक्टर जलकर खाक
अलग-अलग थाना क्षेत्रों में खेत-खलिहान और घर में आग लगने से फसल समेत ट्रैक्टर जलकर खाक हो गया। इन घटनाओं में किसानों को खासी क्षति उठानी पड़ी है तो वहीं खबर लगने पर पुलिस के साथ राजस्व अमले ने जांच-पड़ताल प्रारंभ कर दी है।

Satna News: अलग-अलग थाना क्षेत्रों में खेत-खलिहान और घर में आग लगने से फसल समेत ट्रैक्टर जलकर खाक हो गया। इन घटनाओं में किसानों को खासी क्षति उठानी पड़ी है तो वहीं खबर लगने पर पुलिस के साथ राजस्व अमले ने जांच-पड़ताल प्रारंभ कर दी है।

केस-1

सभापुर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार दोपहर को तकरीबन 3 बजे शंकरदयाल त्रिपाठी, निवासी देवरा के खेत में अचानक आग भडक़ गई, जिसकी चपेट में आने से लगभग 2 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल देखते ही देखते खाक हो गई। गनीमत रही कि समय रहते घटना की खबर लग गई, जिस पर खेत मालिक और ग्रामीणों ने पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोक दिया, वरना आसपास के खेतों की फसल भी तबाह हो जाती। आगजनी की सूचना पर पुलिस ने कारणों का पता लगाने के प्रयास प्रारंभ कर दिए हैं। यहां पर खबर देने के बाद भी दमकल वाहन नहीं पहुंचा था।

केस-2

दूसरी घटना रामनगर कस्बे के वार्ड क्रमांक 10 से लगे इलाके में सामने आई, जहां शनिवार दोपहर को उमाकांत तिवारी के खलिहान में रखी चने की फसल में अचानक आग लग गई। यह खबर मिलते ही पीडि़त ने डायल 112 पर संपर्क कर मदद मांगी तो एफआरवी में तैनात प्रधान आरक्षक सूर्यभान सिंह और चालक रामधनी वर्मा कुछ देर में ही मौके पर पहुंचकर बचाव के प्रयास में जुट गए, लेकिन हमेशा की तरह तकनीकी खराबी के चलते दमकल वाहन उपलब्ध नहीं हो पाया। ऐसे में इंसानी कोशिशों से जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक काफी ज्यादा फसल जल चुकी थी।

केस-3

तीसरी घटना अमरपाटन थाना क्षेत्र के खरमसेड़ा-बरतोना गांव में सामने आई, जहां शनिवार की दोपहर को शिवपुर टोला निवासी गुरू प्रसाद पटेल के मकान में अचानक आग लग गई, जो इतनी तेजी से फैली की देखते ही देखते अंदर खड़ा ट्रैक्टर लपटों में घिर गया। घटना सामने आते ही गुरूप्रसाद ने परिजनों और ग्रामीणों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी तो वहीं डायल 112 पर सूचना देकर फायर ब्रिगेड को भी बुला लिया। लगभग एक घंटे की जद्दोजहद के बाद आग तो बुझा ली गई, मगर तब तक कच्चा मकान और ट्रैक्टर लपटों की भेंट चढ़ चुके थे। प्राथमिक जांच में शार्ट-सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।


Created On :   29 March 2026 2:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story