Satna News: नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत सूने घर में भड़की आग, गृहस्थी का सामान खाक

नागौद थाना क्षेत्र अंतर्गत सूने घर में भड़की आग, गृहस्थी का सामान खाक
गुरुवार की दोपहर को तकरीबन 12 बजे अचानक आग लग गई।

डिजिटल डेस्क,सतना। नागौद थाना क्षेत्र के घोरहटी में अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई, जिससे गृहस्थी का सामान खाक हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मकान मालिक रवि प्रताप सिंह दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी कोमल सिंह, बच्चों के साथ पिछले दो माह से अपने मायके भाद में रह रहीं हैं।

गांव के घर में ताला लटक रहा था, जहां गुरुवार की दोपहर को तकरीबन 12 बजे अचानक आग लग गई। तब कमरे से धुंआ उठते देख पड़ोसी ने फोन पर रवि प्रताप को सूचित किया तो उन्होंने पत्नी को अवगत कराते हुए मोहल्ले-पड़ोस के लोगों से मदद मांगी।

इस बीच कोमल भी रिश्तेदारों के साथ गांव पहुंच गईं, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर समेत दैनिक जरूरत की चीजें खाक हो चुकीं थीं। इस घटना को लेकर रवि ने संपत्ति के विवाद को लेकर जानबूझकर आग लगाने का संदेह जताते हुए कहा कि इसी झगड़े के कारण पत्नी और बच्चे भाद में रहने को मजबूर हैं।

Created On :   27 March 2026 2:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story