Satna News: भंडारा करने आए यूपी के श्रद्धालुओं पर प्राणघातक हमला

भंडारा करने आए यूपी के श्रद्धालुओं पर प्राणघातक हमला
हत्या की कोशिश के आरोप में 4 आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क,सतना। चित्रकूट थाना क्षेत्र के सेजवार स्थित भैरम बाबा मंदिर में भंडारा करने आए यूपी के श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। टीआई गिरजा शंकर बाजपेयी ने बताया कि गंगाराम पुत्र होरीलाल प्रजापति 27 वर्ष, निवासी अधरोड़ी, जिला बांदा (यूपी), अपने परिजनों और रिश्तेदारों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से मंगलवार दोपहर को तकरीबन 1 बजे भैरम बाबा मंदिर सेजवार पहुंचे, जहां भोजन-प्रसाद बनाकर कन्या भोज कराने के बाद शाम करीब 5 बजे मेला घूमने के लिए निकल पड़े। इस दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की होने पर कुछ युवक गाली-गलौज कर मारपीट पर उतारू हो गए, जिसका विरोध करने पर एक बदमाश ने गंगाराम की पसली में चाकू घोंप दिया।

तालाब के पास दोबारा किया हमला

यह देखकर भाई शारदा प्रजापति और पिता होरीलाल प्रजापति बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े तो हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया, तभी कुछ ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर आरोपियों को वहां से भगा दिया, जिसके बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर चित्रकूट के लिए निकल पड़े, लेकिन जैसे ही तालाब के पास पहुंचे तो सरहंगों ने एक बार फिर रास्ता रोककर लाठी-डंडों से बुरी तरह पिटाई कर दी।

एक घंटे के अंदर हमलावरों को दबोचा

इस घटनाक्रम से घबराए पीड़ित किसी तरह बच-बचाकर चित्रकूट आए और थाने में आपबीती सुनाई, जिस पर पुलिस ने घायलों को हॉस्पिटल भेजते हुए उनके बयान पर हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस की टीम ने सेजवार में दबिश देते हुए आरोपी रविकांत उर्फ गोली पुत्र केदारनाथ त्रिपाठी 32 वर्ष, तुषार पुत्र पुरुषोत्तम तिवारी 18 वर्ष, कुलदीप उफ दादू पुत्र बाबूराम पांडेय 28 वर्ष और हिमांशु पुत्र पवन उपाध्याय 18 वर्ष, निवासी सेजवार, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लाठी-डंडे पेश कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।

Created On :   25 March 2026 2:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story