Satna News: ऑटो चोर गैंग के 3 आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर

ऑटो चोर गैंग के 3 आरोपी तीन दिन की पुलिस रिमांड पर
गहनों की बरामदगी और शेष आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास तेज

डिजिटल डेस्क,सतना। ड्राइवर से सांठगांठ कर ऑटो-रिक्शा में बैठने वाली सवारियों के गहने और नकदी चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को अमरपाटन पुलिस ने मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश कर सामान की बरामदगी के लिए तीन दिन की रिमांड मंजूर कराई है। टीआई विजय सिंह परस्ते ने बताया कि बीते 10 जनवरी को रीवा के ट्रांसपोर्ट नगर से बस में बैठकर अमरपाटन पहुंचने के बाद साधना तिवारी अपने गांव कठहा जाने के लिए जैसे ही एक सीएनजी ऑटो में बैठीं थीं, जिसमें पहले से दो पुरुष और दो महिलाएं सवार थे।

बीच रास्ते में फोन आने का बहाना बनाकर ऑटो चालक ने बीच रास्ते में उतार दिया, जिसके बाद वे दूसरी गाड़ी से घर पहुंचीं और बैग खोलकर देखा तो उसमें रखी ज्वेलरी समेत नकदी गायब थी।

मैहर के बाद सिवनी में दबिश

इस घटना की शिकायत मिलने पर अपराध दर्ज कर जांच-पड़ताल प्रारंभ की गई और मुखबिरों के अलावा साइबर टीम की मदद लेते हुए सुराग जुटाए गए।

दो सप्ताह की खोजबीन में मिले सुराग पर ऑटो ड्राइवर प्रभाकर पुत्र रमेश कुशवाहा 21 वर्ष, निवासी उदयपुर-मैहर, को पकड़ लिया गया, जिसके बयान पर एक टीम ने सिवनी में दबिश देते हुए गिरोह में शामिल सविता शेंडे 50 वर्ष, निवासी बेराड़ी-सिटी कोतवाली, जिला सिवनी और उसकी बेटी वंदना पति शेखर शेंडे 30 वर्ष, को पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गहने बेचने और गिरोह में अन्य लोगों के शामिल होने का खुलासा किया। ऐसे में ज्वेलरी की बरामदगी एवं शेष आरोपियों की धरपकड़ के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए तीनों आरोपियों को तीन दिवसीय रिमांड पर लेकर सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। इस गिरोह के जरिए सतना, रीवा और मैहर में सामने आई कई वारदातों से पर्दा उठाया जा सकता है।

Created On :   25 March 2026 2:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story