- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- वीआईपी दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं...
Satna News: वीआईपी दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से दलाली, पुलिस के हत्थे चढ़े 4 दलाल

डिजिटल डेस्क,सतना। चैत्र नवरात्र मेला के दौरान मंदिर में आसानी से दर्शन कराने का झांसा देकर बाहर के श्रद्धालुओं से वसूली करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर मैहर कोतवाली पुलिस ने 4 आरोपियों को पकड़ लिया है, जिनको सक्षम न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को छत्तीसगढ़ को एक परिवार ट्रेन से रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद ऑटो से मंदिर जा रहा था, तभी सचिन पटेल नामक युवक ने उन्हें वीआईपी दर्शन कराने का झांसा देते हुए प्रति व्यक्ति 500 रुपए का शुल्क लगने की बात कही, तो यात्री उसकी बातों में आ गए और 6 लोगों के हिसाब से पैसे भी दे दिए, लेकिन जैसे ही रोपवे पर पहुंचे तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सभी को रोक लिया।
इस दौरान पूछताछ में दर्शन के नाम पर दलाली की बात सामने आई, जिस पर कंट्रोल रूम को सूचित किया गया, लिहाजा पुलिस हरकत मेें आ गई और सचिन समेत अन्य दलालों की तलाश में जुट गई।
ये आए गिरफ्त में
खोजबीन में दलाली गिरोह में शामिल अजीत पुत्र रामसुंदर कुशवाहा 30 वर्ष, निवासी पोंड़ी, आलोक पुत्र रोहिणी शुक्ला 20 वर्ष, निवासी ओफरी, थाना देहात, पंकज पुत्र रामप्रसाद विश्वकर्मा 24 वर्ष, निवासी झुरखुलू, थाना उचेहरा और रोहित पुत्र धीरेन्द्र भट्ट 25 वर्ष, निवासी हरनामपुर, पुलिस की गिरफ्त में आ गए, जिनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।
Created On :   25 March 2026 2:37 PM IST












