Pune City News: निर्माणाधीन इमारत की 19वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत

निर्माणाधीन इमारत की 19वीं मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत
  • सुरक्षा उपायों में लापरवाही: बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज
  • 19 वर्षीय युवक ने गंवाई जान

भास्कर न्यूज, पुणे । बाणेर इलाके में एक निर्माणाधीन हाउसिंग प्रोजेक्ट में सुरक्षा मानकों की अनदेखी एक मासूम मजदूर की जान पर भारी पड़ गई। पैनकार्ड क्लब रोड पर स्थित एक साइट की 19वीं मंजिल से गिरकर 19 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में कार्यस्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने के कारण बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। मृतक मजदूर की पहचान रागीब एहसान राकीब (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना 23 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। रागीब बाणेर स्थित एक हाउसिंग प्रोजेक्ट में 19वीं मंजिल पर स्लैब डालने के लिए लोहे की पट्टियां लगा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह सीधे जमीन पर आ गिरा।

हादसे के बाद निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। सहकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल रागीब को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई मोहम्मद एहसान राकीब (21) की शिकायत पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर बड़ी लापरवाही सामने आई है। मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि, मजदूरों के लिए अनिवार्य सुरक्षा जाल सही तरीके से नहीं लगाए गए थे। ऊंचाई पर काम करने के बावजूद मजदूरों के पास सेफ्टी बेल्ट और हेलमेट जैसे उपकरणों की कमी थी। सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई, जिसके कारण रागीब को संभलने का मौका नहीं मिला।

बिल्डर और ठेकेदार पर कानूनी शिकंजा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद, पुलिस ने निर्माण परियोजना के बिल्डर और ठेकेदार के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना ठेकेदार और बिल्डर की जिम्मेदारी है, जिसमें चूक होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   24 April 2026 6:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story