- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में...
Pune City News: आरटीई प्रवेश प्रक्रिया में अव्यवस्था, अभिभावकों की बढ़ी परेशानी

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। आरटीई (शिक्षा का अधिकार) 25 प्रतिशत प्रवेश प्रक्रिया के तहत आकुर्डी स्थित उन्नत शहर साधन केंद्र में अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। निर्धारित तारीखों के बावजूद अभिभावकों को 'कल आना' कहकर वापस भेजा जा रहा है। 15 अप्रैल से लगातार केंद्र के चक्कर लगाने के बाद भी कई अभिभावकों को अब तक एडमिट पत्र नहीं मिला है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है।
केंद्र का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक तय है, लेकिन अभिभावकों का आरोप है कि समय पर पहुंचने के बावजूद उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। शुक्रवार को सुबह पहुंचे अभिभावकों को 11:30 बजे तक भी अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इससे केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्टाफ की कमी से प्रभावित कामकाज
आकुर्डी केंद्र में कुल 22 कर्मचारियों में से केवल 12 ही उपलब्ध हैं, जबकि 10 कर्मचारियों को जनगणना कार्य में लगाया गया है। इससे प्रवेश प्रक्रिया की गति धीमी पड़ गई है। वहीं, आरटीई पोर्टल का सर्वर बार-बार डाउन होने से भी कार्य में अड़चनें आ रही हैं। केंद्र पर प्रतिदिन करीब 200 आवेदनों की जांच की जा रही है। एक दिन तो स्थिति ऐसी बनी कि दस्तावेज सत्यापन कार्य के कारण कोई भी कर्मचारी उपलब्ध नहीं था, जिससे केंद्र पर भारी अव्यवस्था फैल गई। हालात संभालने के लिए महापालिका शिक्षा विभाग की प्रशासन अधिकारी संगीता बांगर को स्वयं केंद्र पहुंचना पड़ा। उस दिन लगभग 750 अभिभावकों के दस्तावेज जमा किए गए थे।
एडमिट पत्र के लिए भटक रहे अभिभावक
कई अभिभावकों का कहना है कि एक सप्ताह बीतने के बाद भी उन्हें एडमिट पत्र नहीं मिला है। दस्तावेजों में त्रुटियों के कारण भी बार-बार केंद्र आना पड़ रहा है। जिन बच्चों का स्टेटस 'एडमिटेड' है, उन्हें रोजाना दोपहर 3 बजे केंद्र पर उपस्थित होकर प्रवेश पावती लेने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रवेश प्रक्रिया के आंकड़े
आकुर्डी केंद्र
कुल स्कूल : 115
कुल आवेदन : 2629
प्रवेशित विद्यार्थी : 1471
निरस्त आवेदन : 15
पिंपरी केंद्र
कुल स्कूल : 64
कुल आवेदन : 1302
प्रवेशित विद्यार्थी : 760
निरस्त आवेदन : 11
महापालिका शिक्षा विभाग की प्रशासन अधिकारी संगीता बांगर ने कहा कि आकुर्डी और पिंपरी केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया पहले की तुलना में तेजी से चल रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को जनगणना कार्य के लिए कर्मचारियों को भेजना पड़ता है, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था करने के प्रयास जारी हैं।
Created On :   25 April 2026 3:38 PM IST












