- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- ज्येष्ठ नागरिक से 1.17 करोड़ की...
Pune City news: ज्येष्ठ नागरिक से 1.17 करोड़ की साइबर ठगी, आतंकवाद के नाम पर डराकर ऐंठे पैसे

भास्कर न्यूज, पुणे। औंध इलाके में रहने वाले एक 60 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक से साइबर ठगों ने आतंकवादी संगठन से संबंध होने का झांसा देकर 1 करोड़ 17 लाख 87 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस मामले में शिवाजीनगर स्थित साइबर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह ठगी 13 मार्च से 22 अप्रैल के बीच हुई। ठगों ने पहले पीड़ित के मोबाइल नंबर पर संपर्क साधा और सोशल मीडिया के जरिए बातचीत शुरू की। इसके बाद आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए वीडियो कॉल किया, जिसमें वे पुलिस की वर्दी में नजर आए।
ठगों ने पीड़ित को बताया कि उसके बैंक खाते से आतंकवादी संगठन के खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं और इस मामले में उसकी गिरफ्तारी हो सकती है। गिरफ्तारी का डर दिखाकर आरोपियों ने मामले को 'सुलझाने' के नाम पर पैसे की मांग की। डरे हुए वरिष्ठ नागरिक ने आरोपियों के बताए खातों में अलग-अलग समय पर कुल 1 करोड़ 17 लाख 87 हजार रुपये जमा कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने शिवाजीनगर साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
Created On :   25 April 2026 4:24 PM IST












