हादसा: महाबलेश्वर में दुर्गा देवी रैली में जनरेटर में विस्फोट, आठ बच्चे झुलसे

महाबलेश्वर में दुर्गा देवी रैली में जनरेटर में विस्फोट, आठ बच्चे झुलसे
ट्रैक्टर ट्रॉली में जनरेटर का पाइप फटने से हादसा

डिजिटल डेस्क, पुणे। सातारा-महाबलेश्वर में दुर्गा देवी जुलूस के दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली में जनरेटर का पाइप फट गया। इससे हुए विस्फोट में आठ लड़के-लड़कियां झुलसने से गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत सातारा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह दिल दहला देने वाली घटना मंगलवार रात 8:30 बजे की है। इस घटना के बाद दुर्गा उत्सव समिति ने मां दुर्गा की शोभायात्रा साधारण तरीके से निकालने का निर्णय लिया है।

महाबलेश्वर में दुर्गा उत्सव समिति कोली अली की ओर से देवी दुर्गा का विसर्जन जुलूस चल रहा था। इस जुलूस में बच्चे भी शामिल हुए। जब गाजे बाजे के साथ देवी का जुलूस चल रहा था, तभी अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली में जेनरेटर का पेट्रोल पाइप फट गया और इसका विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के आसपास मौजूद बच्चे-बच्चियां झुलस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी का मुंह तो किसी की पीठ जल गयी है। ये सभी लड़के-लड़कियां आठ से दस साल की उम्र के हैं। सभी घायल बच्चों को वाहन से सातारा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इस घटना से महाबलेश्वर में सनसनी मच गई है और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।

Created On :   25 Oct 2023 1:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story