- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- ईवी चार्जिंग पॉइंट की परियोजना...
Pune City News: ईवी चार्जिंग पॉइंट की परियोजना कागजों में ही सिमटी

भास्कर न्यूज, पिंपरी चिंचवड़। इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पिंपरी-चिंचवड़ शहर में प्रस्तावित ईवी चार्जिंग पॉइंट की परियोजना फिलहाल कागजों में ही सिमटकर रह गई है। पिछले तीन वर्षों में मनपा ने इस योजना के लिए तीन बार टेंडर प्रक्रिया शुरू की, लेकिन अब तक शहर में एक भी चार्जिंग स्टेशन स्थापित नहीं हो सका है। चार्जिंग स्टेशनों के अभाव में शहर के हजारों ई-वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन चार्जिंग की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध न होने से वाहनधारकों को लंबी दूरी तय करने या निजी चार्जिंग व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है। मनपा की ओर से इस परियोजना के लिए तीन बार टेंडर जारी किये गए, लेकिन निजी कंपनियों से अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिला। कंपनियों को भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या और व्यावसायिक लाभ को लेकर अनिश्चितता होने के कारण इस परियोजना में निवेश करने में रुचि कम दिखाई दी। तीसरे टेंडर में दिल्ली की एक कंपनी को ठेका देने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन बाद में इसे भी रद्द कर दिया गया।
40 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत
पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्रीय परिवहन विभाग (आरटीओ) के अनुसार शहर में 40 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें यात्री परिवहन से जुड़े ई-वाहनों की संख्या भी बड़ी है। इन वाहनों को शहर में आसानी से चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महानगरपालिका ने विभिन्न स्थानों पर चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने की योजना बनाई थी, लेकिन अब तक यह योजना आगे नहीं बढ़ सकी है। पिछले तीन वर्षों से टेंडर प्रक्रिया बार-बार रद्द होने के कारण शहर में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना ठप पड़ी है। इससे नागरिकों में भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर यह परियोजना कब जमीन पर उतरेगी।
नए आयुक्त के फैसले की ओर गड़ी निगाहें
मनपा की योजना के अनुसार ऑटो क्लस्टर, दुर्गा टेकड़ी, ट्रांसपोर्ट नगर परिसर, चिखली आरटीओ, बर्ड वैली, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती संकुल परिसर, भोसरी-लांडेवाड़ी, भक्ति-शक्ति चौक, बजाज ऑटो परिसर, एचए कॉलोनी, संत तुकाराम नगर, कासारवाड़ी, कोकणे चौक, राजर्षि शाहू उद्यान और सावित्रीबाई फुले उद्यान परिसर में चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए जाने प्रस्तावित थे। मनपा के सह शहर अभियंता अनिल भालसाकले ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए तीन बार टेंडर जारी किये, लेकिन अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिलने के कारण प्रक्रिया रद्द करनी पड़ी। नए आयुक्त के पदभार संभालने के बाद इस परियोजना की प्रक्रिया फिर से शुरू की जाएगी।
Created On :   18 March 2026 2:40 PM IST












