- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- वरिष्ठता को बलाए ताक रख चहेते को...
रीवा न्यूज: वरिष्ठता को बलाए ताक रख चहेते को बनाया प्रभारी प्राचार्य

डिजिटल डेस्क रीवा.जिले के सिरमौर विकासखंड अंतर्गत आने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शाहपुर वृत्त रीवा एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला प्रभारी प्राचार्य बनाने का है। बताया गया है कि विगत 31 अगस्त को विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश शर्मा सेवानिवृत्त हुए । नियमानुसार विद्यालय के वरिष्ठतम शिक्षक सुदर्शन प्रसाद पटेल 2003 के उ. मा. शिक्षक को प्रभारी प्राचार्य का दायित्व सौंप कर ससम्मान विदाई ली। सुदर्शन प्रसाद पटेल को प्रभारी प्राचार्य बनाए जाने पर पूरा विद्यालय परिवार विद्यालयीन व्यवस्था ठीक - ठाक करने के लिए आशान्वित था। इसी बीच अन्दर खाने डी ई ओ रीवा कार्यालय में सेवानिवृत्त प्राचार्य और चंद्रशेखर मिश्रा के बीच जोड़ - तोड़ की राजनीति चल रही थी। अंततोगत्वा 15 सितंबर को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से एक आदेश पारित हुआ जिसमें चंद्रशेखर मिश्रा को प्रभारी प्राचार्य बनाया गया। संदर्भित आदेश में चंद्रशेखर मिश्रा को व्याख्याता माना गया है, जो भ्रामक और अनुचित है जबकि उनका मूल पद उच्च श्रेणी शिक्षक है और लेक्चरर उच्च पद प्रभार जुलाई 2024 है। वहीँ सुदर्शन प्रसाद पटेल 2003 उच्च माध्यमिक शिक्षक हैं। बताया गया कि इसके पूर्व भी चंद्रशेखर मिश्रा रायपुर कर्चुलियान के कन्या विद्यालय में जुगाड़ करके 3 उच्च माध्यमिक शिक्षकों की वरिष्ठता को धता बताते हुए प्रभारी प्राचार्य बन गए थे। जैसे ही वहा पर रेगुलर प्राचार्य आ गए, तो प्राचार्य बनने शाहपुर वृत्त आ गए। चंद्रशेखर मिश्रा विद्यालय की वरिष्ठता सूची में सातवें नम्बर पर हैं उनसे वरिष्ठ 6 शिक्षक और भी हैं।
विद्यालय के कुछ शिक्षकों का कहना है कि सारे नियमों और व्यवस्थाओं को बलाए ताक पर रख कर चंद्रशेखर मिश्रा को प्रभारी प्राचार्य बनाया जाना न केवल देश के उच्चतम न्यायालय व प्रदेश की उच्च न्यायालय द्वारा समय - समय पर तत्संबंधी पारित आदेशों की अवहेलना है बल्कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 16 का खुला उल्लंघन है। चंद्रशेखर मिश्रा को प्रभारी प्राचार्य बनाया जाना जहाँ एक तरफ भारतीय कानून व्यवस्था के विरुद्ध है, वहीं दूसरी ओर प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत के ख़िलाफ़ भी है।
Created On :   21 Sept 2026 7:09 PM IST












