- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- दोहरे हत्या काण्ड के आरोपी को आजीवन...
रीवा न्यूज: दोहरे हत्या काण्ड के आरोपी को आजीवन कारावास

डिजिटल डेस्क रीवा .न्यायालय ने जिले के थाना सेमरिया अंतर्गत निवासी दिलीप साकेत और उसकी पत्नी मनीशा साकेत की हत्या के मामले में आरोपी शिव कुमार पाठक उर्फ भैयाजी को अजन्म कारावास की सजा सुनाई है। मामले के संबंध में लोक अभियोजक शशि तिवारी ने बताया कि 2. 5. 2019 को थाना सेमरिया में फरियादी बाबूलाल साकेत ने रिपोर्ट लिखाया कि वह 1.5.2019 को खाना खाकर घर के छत में सो रहा था। उसका लड़का दिलीप साकेत और उसकी बहू मनीशा साकेत आँगन में सो रहे थे। रात के लगभग 3 बजे शिवकुमार पाठक, विनय पाठक, भूपेन्द्र गौतम और प्रवीण गौतम लाठी-रॉड के साथ चार चका वाहन गाड़ी से आये और उसके घर के थोड़ा आगे गाड़ी खड़ा करके उसके घर में आये और सभी उसके सोते हुए लड़के और बहू को जान से मारने की नियत से मारपीट करने लगे. हल्ला-गोहार करने पर उसकी लड़की दुर्गा और वह दौड़ा तो वह लोग चार चका वाहन में चढ़कर भाग गये। उन लोगों ने लगभग चार वर्ष पूर्व उसके दामाद शोमनाथ की हत्या कर दी थी। अभियुक्तगण में से एक अभी जेल में है और शेष लोगों की सजा पूरी हो गई है तो वह घर आ गये हैं। उनके खिलाफ उसने हाइकोर्ट में आपत्ति की है जिसकी नोटिस दिनांक 30.04.2019 को पुलिस द्वारा तामील की गई है। उसी रंजिश से अभियुक्तगण ने जान से मारने की नियत से उसके लड़के और बहू के साथ मार-पीट की है जिससे उन्हें गम्भीर चोटें आई हैं। एम्बुलेंस के माध्यम से उसके लड़के दिलीप और बहू मनीशा का लेकर सेमरिया अस्पताल ले जाया गया। चोट गम्भीर होने के कारण सेमरिया अस्पताल से उक्त दोनों लोगों को रीवा अस्पताल संजय गाँधी में रिफर कर दिया गया। रीवा अस्पताल संजय गाँधी में भर्ती होने के दो घण्टे बाद ही बहू मनीशा साकेत की मृत्यु हो गई। लड़के दिलीप साकेत को आई.सी.यू. में भर्ती था। रीवा संजय गाँधी से दिलीप साकेत को दिल्ली के लिये रिफर कर दिया गया। जहाँ उसकी भी इलाज के दौरान 30.08.2019 को मृत्यु हो गई। प्रकरण विशेष न्यायालय एस.सी./एस.टी. में चालान प्रस्तुत किया गया। उक्त प्रकरण में विशेष न्यायाधीश (एस.सी./एस.टी.) रीवा संदीप शर्मा द्वारा अभियुक्त शिवकुमार पाठक निवासी कौड़िहाई थाना सेमरिया को धारा 302/149 (02 बार) भा.दं.वि. में आजीवन कारावास और 5000 रुपये जुर्माने से दण्डित किया गया। उक्त प्रकरण में आरोपी विनय पाठक निवासी कौड़िहाई थाना सेमरिया, भूपेन्द्र गौतम निवासी कौड़िहाई अभी फरार हैं।
Created On :   19 Sept 2026 6:25 PM IST












