- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- राजनैतिक सुचिता और गरीबों की सेवा...
रीवा न्यूज: राजनैतिक सुचिता और गरीबों की सेवा का प्रतीक रहे हैं स्व.तिवारी : विधानसभा अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क रीवा । प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर एक दिवसीय प्रवास पर रीवा पहुंचे जहां उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की. चाकघाट के नेहरू स्मृति कालेज में पूर्व मंत्री स्व. रमाकांत तिवारी की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्व.रमाकांत तिवारी गरीबों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते थे। मंत्री के रूप में और विपक्ष में रहकर विधायक के रूप में उन्होंने सदैव त्योंथर क्षेत्र के विकास और गरीबों के कल्याण को अपने जीवन का ध्येय बनाए रखा। उनका जीवन राजनैतिक सुचिता और गरीबों की सेवा का प्रतीक है। उन्होंने गरीबों के लिए जो कार्य किए उसकी स्मृति आज भी पूरे त्योंथर क्षेत्र में है। उन्हें पार्टी और सरकार में जो भी भूमिका दी गई उसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वाह किया। वर्तमान पीढ़ी के राजनैतिक व्यक्तियों के लिए श्री तिवारी का जीवन और कार्य प्रेरणा के स्रोत हैं। उनके संघर्ष को कई पीढ़ियां याद रखेंगी।
सबके लिए हर समय खुला रहता है दरवाजा : डिप्टी सीएम
समारोह की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्व.रमाकांत तिवारी फूलों की तरह कोमल और आवश्यकता होने पर वज्र की तरह कठोर हो जाते थे। उनके दरवाजे हर समय गरीबों के लिए खुले रहते थे। उन्होंने कहा कि स्व. तिवारी का पूरे त्योंथर क्षेत्र में डंका बजता था। त्योंथर का बड़ा पुल उद्वहन सिंचाई परियोजना जवा-सितलहा पुल जैसे सभी नए निर्माण कार्यों का श्रेय श्री तिवारी को ही है। उनके पुत्र कौशलेश तिवारी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। समारोह में पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने स्व. श्री तिवारी के व्यक्तित्व और कार्यों पर प्रकाश डाला। समारोह में आभार व्यक्त करते हुए कौशलेश तिवारी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष हमारे मार्गदर्शक संरक्षक हैं।
ये रहे उपस्थित
समारोह में विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह, मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, नगर निगम अध्यक्ष , व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, सुनील पाण्डेय, कमलेश्वर सिंह, विद्याप्रकाश, राम सिंह, अखंड प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे.
रायपुर में भव्य स्वागत
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के एक दिवसीय रीवा प्रवास के दौरान रायपुर कर्चुलियान पहुंचने पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष का स्वागत करते हुए क्षेत्र में उनके आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की। कार्यक्रम में रीवा जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह, रायपुर मंडल अध्यक्ष अभिषेक सिंह, महामंत्री विजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य बृजेश कोरी, पूर्व जनपद सदस्य ममता यादव, बक्छेरा सरपंच लक्ष्मीकांत तिवारी, नृपेन्द्र सिंह, सुरेश तिवारी, रायपुर कर्चुलियान सरपंच शुभकरण दाहिया, सरपंच रामरती कोल, मंडल मंत्री सच्चिदानंद ओझा उपस्थित रहे।
Created On :   19 Sept 2026 3:52 PM IST












