Rewa News: रीवा में सरकारी खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी के आरोप

रीवा में सरकारी खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी के आरोप
ग्रामीणों को समय पर सरकारी खाद्यान्न नहीं मिल रहा है और कई हितग्राहियों को कई महीनों का राशन नहीं दिया गया।

डिजिटल डेस्क,रीवा। जनपद पंचायत क्षेत्र के साव गांव में सरकारी राशन वितरण व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार की लापरवाही के चलते कई बुजुर्ग महिलाओं और पात्र हितग्राहियों को 2 से 3 महीने तक का खाद्यान्न नहीं मिल पाया है। ग्रामीणों ने इस मामले की कई बार कलेक्टर कार्यालय में शिकायत भी की, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

पूरा मामला रीवा जनपद पंचायत के साव गांव का है। ग्रामीणों के मुताबिक यहां नीतू कुशवाहा, पति अशोक कुशवाहा, पिछले करीब तीन वर्षों से शासकीय उचित मूल्य की दुकान का संचालन कर रही हैं। आरोप है कि ग्रामीणों को समय पर सरकारी खाद्यान्न नहीं मिल रहा है और कई हितग्राहियों को कई महीनों का राशन नहीं दिया गया।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि शासकीय राशन दुकान के लिए निर्धारित स्थान के बजाय घर से ही राशन का वितरण किया जा रहा है। इसी बीच स्थानीय लोगों द्वारा कोटेदार के घर से राशन की बिक्री किए जाने का वीडियो बनाए जाने का दावा किया गया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार अधिकारियों और कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कोटेदार पर समय पर राशन नहीं देने और पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न से वंचित रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। कोटेदार नीतू कुशवाहा का कहना है कि सरकार की ओर से राशन दुकान संचालित करने के लिए अलग से जगह उपलब्ध नहीं कराई गई थी, इसलिए मजबूरी में उनके घर में ही दुकान संचालित की जा रही है।

Created On :   20 Aug 2026 7:40 PM IST

Tags

Next Story