Rewa news: वंदे मातरम को लेकर भिड़े भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ता : एक दूसरे पर फेंके जूते

वंदे मातरम को लेकर भिड़े भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ता : एक दूसरे पर फेंके जूते
भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ता वंदे मातरम को लेकर भिड़े

डिजिटल न्यूज़ रीवा

वंदे मातरम गीत के कथित अपमान को लेकर रविवार शाम 6.30 बजे उर्रहट स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। स्थिति यह बन गई कि नारेबाजी करते-करते दोनों ओर से एक दूसरे पर जूते, चप्पल और पत्थर फेंके गए। दोनो तरफ से कुछ लोगों को चोंटे आई है। दरअसल सोनिया गांधी और राहुल गांधी द्वारा कथित रूप से अधूरे वंदे मातरम गीत के गायन को लेकर सांसद जनार्दन मिश्रा, जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्त, के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। मसाल लेकर कार्यालय के सामने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं के नारेबाजी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता भी कार्यालय से बाहर आ गए और नारेबाजी करने लगे।कार्यालय के बाहर दोनों तरफ से कार्यकर्ता एक दूसरे के साथ नारेबाजी और झूमा-झटकी करने लगे। जब तक पुलिस हालात नियंत्रित कर पाती। तब तक दोनों तरफ से एक दूसरे पर जूते, चप्पल और पत्थर फेंके जाने लगे। करीब आधे घंटे तक चले संघर्ष के बाद पुलिस कार्यकर्ताओं को एक दूसरे से अलग कर पाई। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय के सामने जबर्जस्त हंगामा हुआ और कांग्रेस के नेता कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हो पाया।

कांग्रेस की ओर से किया गया हमला :भाजपा का आरोप -भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि वंदे मातरम गीत के अपमान को लेकर भाजपा मसाल जुलूस निकालने और कांग्रेस कार्यालय के सामने वंदे मातरम गायन करने गई थी। शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे प्रदर्शन में कांग्रेस की ओर से पथराव शुरू कर दिया गया। बकौल वीरेन्द्र गुप्त भाजपा के पार्षद समीर शुक्ला, जीवनलाल साकेत और एक अन्य को चोंटे लगी है। कांग्रेस अराजकता फैलाने में माहिर है।

हिंसा भाजपा का चरित्र है :कांग्रेस-कांग्रेस के जिला अध्यक्ष इंजी. राजेन्द्र शर्मा ने कहा है कि भाजपा सांसद, जिला अध्यक्ष और आराजक तत्वों के द्वारा कांग्रेस कार्यालय में जबरन घुसने का प्रयास किया गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की और गाली-गलौज किया। इसमें देवकी साकेत नामक कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस ने सुरक्षा का बंदोबस्त नहीं किया और भाजपा के कार्यकर्ताओं को हमला करने की ढील दे दी। प्रदर्शन की जानकारी के बाद भी कांग्रेस कार्यालय के सामने बेरीकेटिंग नहीं की गई। जिला अध्यक्ष ने कहा कि सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ता एसपी से मुलाकात करेंगे और दलित महिला के अपमान पर एफआईआर की मांग करेंगे।

Created On :   17 Aug 2026 2:06 PM IST

Tags

Next Story