- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- पानी में आधा डूबकर सत्याग्रह आधी...
रीवा न्यूज: पानी में आधा डूबकर सत्याग्रह आधी रात पहुंचे कलेक्टर तब समाप्त हुआ आंदोलन

डिजिटल डेस्क रीवा।जिले के गुढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम बेला में किसान देशराज मिश्रा की कृषि भूमि पर हाईटेंशन लाइन एवं टावर लगाए जाने और उचित मुआवजे की मांग को लेकर चल रहा सत्याग्रह करीब 48 घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त हो गया। किसान परिवार की मांग को लेकर पूर्व विधायक सुखेंद्र सिंह बन्ना ने मौके पर पहुंचकर किसान से पूरे मामले की जानकारी ली और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर किसान के साथ न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। किसान परिवार का आरोप है कि उनकी कृषि भूमि पर हाईटेंशन लाइन और टावर लगाए जा रहे हैं, लेकिन जमीन के उपयोग के एवज में उचित मुआवजे का निर्धारण किए बिना कार्य कराया जा रहा है। किसान देशराज मिश्रा के मुताबिक उन्होंने संबंधित अधिकारियों के समक्ष उचित मुआवजे की मांग रखी थी, लेकिन समय पर सुनवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। परिवार का यह भी आरोप है कि मामले में जवाब मांगने पर उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया.
पानी में किया सत्याग्रह
मांगों को लेकर किसान के पुत्र ने विरोध स्वरूप पानी में आधा डूबकर सत्याग्रह शुरू कर दिया था। करीब 48 घंटे तक चले इस आंदोलन की जानकारी प्रशासन तक पहुंचने के बाद देर रात प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। रात करीब 11 बजे रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, गुढ़ एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी अनशन स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसान परिवार से पूरे मामले की जानकारी ली और उनकी मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की समझाइश और आश्वासन के बाद किसान ने अपना अनशन समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस उसे चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले गई। लंबे समय तक चले सत्याग्रह के कारण चिकित्सकों ने उसके स्वास्थ्य की भी जांच की।
Created On :   17 Aug 2026 2:59 PM IST












