Rewa news: नल जल योजना से चमकी लोही ग्राम पंचायत

नल जल योजना से चमकी लोही ग्राम पंचायत
उप मुख्यमंत्री ने किया नल जल योजना का उद्घाटन

डिजिटल न्यूज़ रीवा

लोही ग्राम पंचायत के निवासियों का वर्षों पुराना शुद्ध पेयजल का सपना आखिरकार साकार हो गया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा एकल ग्राम नल जल योजना के अंतर्गत 91.10 लाख रुपए की लागत से तैयार शुद्ध पेयजल की टंकी और पाइपलाइन का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। उप मुख्यमंत्री ने जनसमूह को संबोधित करते हुए जल संरक्षण और हर घर नल से जल पहुंचाने के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शुद्ध पेयजल ही स्वस्थ जीवन की पहली सीढ़ी है। ग्रामीण अंचल की माताओं और बहनों को पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना न पड़े, इसके लिए हमारी सरकार हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। लोही पंचायत में 91.10 लाख रुपए की लागत से बनी यह पेयजल संरचना इस दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना के तहत गांव में जल संग्रहण टंकी का निर्माण किया गया है और पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया गया है ताकि अंतिम छोर तक के घरों में बिना किसी रुकावट के पर्याप्त प्रेशर से शुद्ध पानी मिल सके। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अमले को इस कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयसीमा में पूरा करने के लिए बधाई दी।पानी की बूंद-बूंद के महत्व को समझाते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जल स्रोतों को जीवित रखना हम सबका सामूहिक दायित्व है। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए कार्यक्रम स्थल पर पौधारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संतुलन बना रहे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों के आसपास पौधे लगाएं और भूजल स्तर को बढ़ाने में सहयोग करें।उद्घाटन समारोह के अंत में सरपंच निलेश तिवारी ने ग्राम पंचायत की ओर से उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

Created On :   17 Aug 2026 2:33 PM IST

Tags

Next Story