रीवा न्यूज: भाजपा सांसद की फिसली जुबान

भाजपा सांसद की फिसली जुबान
पेट्रोल में एथेनाॅल मिलावट के विरोध पर बोले - शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे घर से लाएं

डिजिटल डेस्क रीवा।अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले वाले रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की जुबान एक बार फिर फिसल गई। उन्होंने एथेनाॅल मिलावट के विरोध को लेकर एक विवादित बयान दिया है। रविवार को चोरहटा हवाई अड्डे में आयोजित समारोह में सांसद मिश्रा ने पेट्रोल में मिलावट का विरोध करने वालों को आड़े हाथों लिया और कहा कि जब दुनिया में शुद्ध पेट्रोल नहीं है तो क्या तुम्हारे घर से लाएं। सांसद मिश्रा रीवा-भोपाल, रीवा-कोलकाता हवाई सेवा के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत में जरूरत का 20 फीसदी पेट्रोल उपलब्ध है। ऐसे में देश को 80 प्रतिशत ईंधन विदेशों से आयात करना पड़ रहा है। खाड़ी युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की खेप आने में दिक्कतें आ रही हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रधानमंत्री ने 20 प्रतिशत एथेनाॅल की मिलावट को कहा है। देश के विकास और अन्य संसाधनों पर इसका असर न पड़े यह भारत सरकार चाहती है। सांसद ने कहा कि विश्व में कई ऐसे देश हैं जहां 100 फीसदी एथेनाॅल का ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। कार बनाने वाली कंपनियां पेट्रोल में एथेनाल मिलावट का समर्थन कर रही हैं। लेकिन कुछ लोग हैं जो देश में अस्थिरता लाने का प्रयास कर रहे हैं।


Created On :   10 Aug 2026 3:08 PM IST

Tags

Next Story