- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- रीवा
- /
- सैनिक स्कूल रीवा के पूर्व छात्र...
रीवा: सैनिक स्कूल रीवा के पूर्व छात्र आश्कृत तिवारी की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल परीक्षा में शानदार सफलता .

डिजिटल डेस्क रीवा |संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल परीक्षा में सैनिक स्कूल रीवा के पुरा छात्र अनंतपुर, रीवा के निवासी आश्कृत तिवारी ने देशभर में 77 वीं रैंक हासिल कर विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। बताया गया है कि आश्कृत तिवारी ने अपनी स्कूली शिक्षा सैनिक स्कूल रीवा से पूरी की। वर्तमान में वे भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग के अंतर्गत प्रवर्तन निदेशालय में सहायक प्रवर्तन अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। सरकारी सेवा में रहते हुए उन्होंने अपनी नौकरी की जिम्मेदारियों के साथ सीएपीएफ परीक्षा की तैयारी जारी रखी और
अपनी मेहनत व लगन के दम पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। सैनिक स्कूल रीवा में शिक्षा के दौरान विकसित अनुशासन, नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन की आदतों को उन्होंने अपनी तैयारी में विशेष रूप से उपयोगी बताया। नौकरी के साथ परीक्षा की तैयारी करना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन उन्होंने निरंतर अध्ययन और दृढ़ संकल्प के साथ इस लक्ष्य को हासिल किया। देशभर में 77 वीं रैंक प्राप्त करने के बाद आश्कृत तिवारी का चयन सहायक कमांडेंट के पद के लिए हुआ है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवारजनों, मित्रों, परिचितों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया।
Created On :   9 Aug 2026 6:07 PM IST












