Rewa news: अब सरकारी स्कूलों के छात्र भी करेंगे NEET-JEE में कमाल

अब सरकारी स्कूलों के छात्र भी करेंगे  NEET-JEE में कमाल
प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी


डिजिटल न्यूज़ रीवा

रीवा संभाग के सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मेडिकल और इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में सफलता दिलाने के उद्देश्य से संभागायुक्त शीलेन्द्र सिंह ने बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग नीरव दीक्षित को निर्देश दिए हैं कि नीट एवं jeeकी तैयारी के लिए विशेष कक्षाएं तत्काल प्रारंभ कराई जाएं।

संभागायुक्त के निर्देशानुसार रीवा संभाग के रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और मैहर जिले में 100-100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जाएगी। विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन, नियमित कक्षाएं, अभ्यास प्रश्नपत्र तथा परीक्षा आधारित अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण नीरव दीक्षित को पूरी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शिक्षा विभाग शीघ्र ही कक्षाओं के संचालन, विद्यार्थियों के चयन तथा शिक्षकों की तैनाती की विस्तृत कार्ययोजना जारी करेगा।

संभागायुक्त ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी देश के प्रतिष्ठित मेडिकल एवं इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

Created On :   6 Aug 2026 4:19 PM IST

Tags

Next Story