- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सिहोरा में चल रहे हाइवा का भदनपुर...
सतना न्यूज: सिहोरा में चल रहे हाइवा का भदनपुर में कटा टोल तो जारी हो गई टीपी

डिजिटल डेस्क सतना। फाइनेंस कंपनी से बचने के लिए कटनी के एक वाहन मालिक ने ऐसा खेल रचा कि जबलपुर के ट्रांसपोर्टर की रातों की नींद उड़ गई, वह भागा-भागा मैहर जिले के बदेरा थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने शिकायत-जांच के बाद जालसाजी का अपराध दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है। टीआई अभिषेक सिंह परिहार ने बताया कि सुनील कुमार पुत्र दशरथ प्रसाद साहू 53 वर्ष, निवासी वार्ड-4 सिहोरा, जिला जबलपुर, एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी है, जिन्होंने पत्नी कल्पना साहू के नाम पर हाइवा (एमपी 20 जेडएम 8529) खरीद रखा है, जो कि सिहोरा में ही लोडिंग-अनलोडिंग के काम में इस्तेमाल हो रहा है। बीते 18 अगस्त को फोन पर वाहन का टोल टैक्स भदनपुर बैरियर पर कटने का संदेश आया, मगर तब व्यस्तता के चलते ध्यान नहीं दिया, लेकिन 12 सितंबर से लगातार उक्त वाहन नंबर पर अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के नाम से लगातार फर्जी टीपी कटने के संदेश फोन पर आने लगे, जिससे वह सकते में आ गए।
फाइनेंस कंपनी को चकमा देने रची साजिश ---
पत्नी के नाम पर पंजीकृत वाहन सिहोरा से बाहर नहीं जाने के बावजूद मैहर जिले के भदनपुर में टोल टैक्स कटने और टीपी जनरेट किए जाने के बाद से हैरत में पड़े सुनील ने अपने संपर्कों की मदद से पतासाजी कराई तो ज्ञात हुआ कि कटनी जिले के ग्राम अमोझ निवासी सतीश कुमार काछी अपने वाहन पर जालसाजी कर उनकी गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर इस्तेमाल कर भदनपुर खदान से टीपी जनरेट कर पत्थर की ढुलाई कर रहा है। उसके हाइवा का असली नंबर सीजी 04 क्यूए 9613 है, जिसकी कई किस्तें बकाया होने के चलते फाइनेंस कंपनी कई बार नोटिस जारी कर चुकी है, ऐसे में अपनी गाड़ी बचाने के लिए आरोपी वाहन मालिक कटनी छोडक़र गाड़ी मैहर ले आया और फर्जीवाड़े का सहारा लेकर कमाई में जुट गया।
अपराध दर्ज, जांच शुरू ---
यह सनसनीखेज जानकारी हाथ लगते ही पीड़ित ने बदेरा थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और डायल 112 स्टाफ के साथ भदनपुर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर सतीश का हाइवा पकड़वा लिया। ट्रांसपोर्टर सुनील की शिकायत पर जालसाजी का अपराध दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
Created On :   21 Sept 2026 6:31 PM IST












