सतना न्यूज: ज्यूडिशियल रिमांड पर सेंट्रल जेल भेजा गया श्रवण

ज्यूडिशियल रिमांड पर सेंट्रल जेल भेजा गया श्रवण
छात्रा की बेदम पिटाई कर वीडियो वायरल करने का मामला

डिजिटल डेस्क सतना। फिजिकल रिलेशन के लिए कॉलेज की एक छात्रा को लंबे अर्से से तरह-तरह से प्रताडि़त करने के गंभीर मामले में कोलगवां पुलिस ने शनिवार को १९ वर्षीय आरोपी छात्र श्रवण श्रीवास उर्फ श्रवण सेन पिता अनिल निवासी झाली (कोठी) को गिरफ्तार कर जेएफएफसी सोलानी वर्मा की अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को ज्यूडिशियल रिमांड पर सेंट्रल जेल भेज दिया है। वह यहां सिविल लाइन थाना अंतर्गत उमरी में रहता था। आरोपी को महिला की लज्जा भंग करने के इरादे से आपत्तिजनक बल का प्रयोग करने, अपराधिक साजिश रचने, यौन संबंधों की अनुचित मांग करने और अश्लील टिप्पणी करने के आरोप में बीएनएस की धारा ७४ , ७५ (२) (३) और ७९ , ६१ (२) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

४ आरोपी लड़कियों पर भी बढ़ी एक और धारा:---

उधर पीडि़त छात्रा के बयान के आधार पर पुलिस ने बेदम पिटाई कर वीडियो वायरल करने की आरोपी ४ लड़कियों के खिलाफ एक और धारा बढ़ा दी है। पीडि़ता को नुकसान पहुंचाने के इरादे से बहला फुसला कर ले जाने के आरोप में बीएनएस की धारा १४० (३) की नई धारा लगाई गई है। इसी केस (क्राइम नंबर-१२८३/२६) में इन्हीं लड़कियों के खिलाफ पहले से ही बीएनएस की धारा २९६ बी, ११५ (२), ३५१ (३) और ३ (५) के तहत अपराध कायम है। सभी आरोपियों के मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

क्या है पूरा मामला

आरोप है कि १९ वर्षीय छात्र श्रवण श्रीवास उर्फ श्रवण सेन पिछले १० माह से कालेज की एक छात्रा पर अनुचित यौन संबंध के लिए दबाव बना रहा था। जब छात्रा ने उसके इस अपराधिक कृत्य का विरोध किया तो उसने अपनी एक खास गर्लफ्रेंड के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की। जब छात्रा फिर भी नहीं मानी तो श्रवण की गर्लफ्रेंड ने पीडि़त छात्रा को धोखे से उसकी एक सहेली के माध्यम से कोलगवां थाना अंतर्गत नगर वन के वीराने में बुलवाया जहां तीन और नकाबपोश लड़कियां पहले से मौजूद थीं।

इन सभी ने मिल कर पीडि़ता की बेदम पिटाई की और फिर पिटाई का वीेडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया ।


Created On :   20 Sept 2026 3:21 PM IST

Tags

Next Story