सतना न्यूज: ढाई साल बाद महाराष्ट्र से गिरफ्त में आया अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी

ढाई साल बाद महाराष्ट्र से गिरफ्त में आया अपहरण-दुष्कर्म का आरोपी
मुंबई-गुजरात के बाद ठाणे में काट रहा था फरारी

डिजिटल डेस्क सतना। नाबालिग को अगवा कर दैहिक शोषण करने के मामले में ढाई साल से अधिक समय तक फरार रहे आरोपी को अंतत: कोटर पुलिस ने मुंंबई के उपनगर ठाणे से गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2024 के शुरुआती महीने में एक नाबालिग रहस्यमय ढंग से लापता हो गई, जिसके परिजन की शिकायत पर अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। लगभग दो सप्ताह तक खोजबीन के बाद लडक़ी को मुंबई से दस्तयाब कर लिया गया, जिसने पूछताछ में आरोपी तेजभान गौतम पुत्र अम्बिका प्रसाद 27 वर्ष, निवासी खम्हरिया, के द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दैहिक शोषण करने का खुलासा किया, लिहाजा रेप एवं पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई, लेकिन वह गिरफ्त में नहीं आया।

बदले कई ठिकाने ---

आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए मुंबई में ही कई ठिकाने बदले, जो चकमा देने के लिए कुछ वक्त गुजरात के शहरों में भी गुजारा। इस बीच पुलिस की टीमें 3 से 4 बार उसकी तलाश में दोनों राज्यों में दबिश देकर खाली हाथ लौटती रही, मगर कोशिश जारी रही। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की तरफ से इनाम भी घोषित किया गया था। अंतत: सितंबर के दूसरे सप्ताह में साइबर सेल के जरिए आरोपी तेजभान गौतम की लोकेशन मुंबई के उपनगर ठाणे में मिली, जिसकी जानकारी जुटाकर टीम को रवाना किया गया और लोकल पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार सुबह सतना लाया गया। यहां पर पूछताछ के पश्चात कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया।


Created On :   21 Sept 2026 6:25 PM IST

Tags

Next Story