- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 15 दिन से वन विभाग को छका रहा कॉलर...
सतना न्यूज: 15 दिन से वन विभाग को छका रहा कॉलर आईडी वाला हाथी, गैलहरी में मचाया उत्पात

डिजिटल डेस्क सतना/मैहर। बांधवगढ़ नेशनल पार्क से बाणसागर डैम का करीब 5 किलोमीटर लंबा वाटर चैनल तैरकर पार करने वाला कॉलर आईडी लगा जंगली हाथी ई-5 (सी-4) पिछले 15 दिनों से मैहर वन मंडल के अमरपाटन रेंज में वन विभाग को छका रहा है। 7-8 सितंबर की दरमियानी रात अमरपाटन क्षेत्र में पहुंचा यह हाथी अब आबादी वाले इलाकों में पहुंचकर फसलों और घरों को नुकसान पहुंचा रहा है।
20-21 सितंबर की मध्यरात्रि हाथी गोरसरी पहाड़ के कक्ष क्रमांक 601 व 605 से उतरकर गैलहरी गांव पहुंच गया। यहां हाथी ने खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के साथ कुछ घरों में तोड़फोड़ की और घरों में रखा गेहूं-मटर भी खा गया। कॉलर आईडी के जरिए हाथी की निगरानी कर रहे वनकर्मियों को इसकी जानकारी मिलते ही रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। टीम ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए हाथी के आसपास नहीं जाने और सुरक्षित रहने की अपील की।
इन किसानों की फसल को नुकसान
रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के अनुसार हाथी ने नईबस्ती-गैलहरी निवासी श्यामबाई पति रामखेलावन साकेत के करीब 0.25 हेक्टेयर खेत में लगी धान की फसल नष्ट कर दी। इसी तरह सुग्रीव पिता रामखेलावन साकेत के करीब 0.25 हेक्टेयर और बुद्धसेन पिता सोनीलाल साकेत के करीब 0.10 हेक्टेयर खेत की धान फसल को नुकसान पहुंचाया।
घरों में भी की तोड़फोड़
हाथी ने गोरसरी खुर्द निवासी रामबहोर पिता सुखई रावत के कच्चे घर का गेट और दीवार तोड़ दी। घर की बाउंड्री की दीवार और कच्चे घर का टीन गेट भी क्षतिग्रस्त किया। इसके अलावा घर में रखा गेहूं और मटर खाकर नुकसान पहुंचाया। वहीं नईबस्ती-गैलहरी निवासी सोनीलाल मुंडा साकेत के पक्के मकान की बाउंड्री का गेट भी हाथी ने तोड़ दिया।
कॉलर आईडी से लगातार निगरानी
वन विभाग द्वारा हाथी ई-5 (सी-4) की कॉलर आईडी के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। हाथी के आबादी क्षेत्र में आने के बाद वन अमला उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। ग्रामीणों को हाथी से पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा उसके नजदीक जाकर फोटो या वीडियो नहीं बनाने की समझाइश दी गई है।
Created On :   21 Sept 2026 8:17 PM IST












