Satna news: भरहटा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, विरोध में चक्काजाम

भरहटा में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, विरोध में चक्काजाम
गांव में पुलिस बल तैनात

डिजिटल न्यूज़ सतना

उचेहरा थाना क्षेत्र के भरहटा गांव में मंगलवार-बुधवार की रात अज्ञात लोगों ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी व प्रतिमा की सुरक्षा की मांग को लेकर नागौद-उचेहरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।

ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले 10 अप्रैल को भी प्रतिमा के साथ असामाजिक तत्वों ने छेड़छाड़ की थी और उस पर कालिख पोती गई थी। दोबारा हुई घटना से लोगों में नाराजगी बढ़ गई। चक्काजाम के कारण पुलिस ने यातायात को पोड़ी तिराहे से पतौरा, लोहरौरा और रामपथ गमन मार्ग की ओर डायवर्ट किया। सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Created On :   26 Aug 2026 2:39 PM IST

Tags

Next Story