सतना न्यूज: ढाई महीने बाद ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, 2 गिरफ्तार

ढाई महीने बाद ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, 2 गिरफ्तार
अर्जुन खोह के जंगल में मिली थी ग्रामीण की लाश

डिजिटल डेस्क सतना। जसो थाना अंतर्गत अर्जुन खोह जंगल में युवक की हत्या कर गुफा में लाश छिपाने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त की गई है। टीआई संतोष धुर्वे ने बताया कि देउरी निवासी धनीराम भुमिया बीते 28 मई की सुबह अर्जुन खोह के जंगल से लकड़ी लेने गया था, लेकिन शाम तक नहीं लौटा, जिस पर परिजनों ने तलाश शुरू की और अगले दिन उसकी लाश जंगल के काफी अंदर एक गुफा में पत्थरों के नीचे दबी मिली, मृतक के सिर और शरीर पर गहरे घाव लगे हुए थे। तब शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया तो मारपीट से आई चोटों के कारण मौत की बात पता चली, लिहाजा अज्ञात के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।

बदनामी से बचने किया कत्ल ---

लगभग ढाई महीने तक मुखबिर तंत्र, साइबर सेल और परिजनों से पूछताछ में सामने आए तथ्यों की पड़ताल के बाद देउरी निवासी धन सिंह पुत्र हर प्रसाद यादव 38 वर्ष, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो आरोपी ने हत्या का जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि मृतक धनीराम अपनी पत्नी से उसके अवैध संबंध होने का दुष्प्रचार कर रहा था, जिससे शादी में दिक्कत आ रही थी। इसी रंजिश के चलते उसने लुख्खू उर्फ जाहिद पुत्र रामायण यादव 22 वर्ष, निवासी देउरी के साथ मिलकर धनीराम को ठिकाने लगाने का प्लान बना लिया और 28 मई को जब वह लकड़ी काटने जंगल जा रहा था, तब पीछा कर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया और फिर लाश को गुफा में छिपाकर वापस आ गए। आरोपी के बयान पर जाहिद को भी पकड़ लिया गया।

इनकी रही अहम भूमिका ---

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एएसआई अजीत वर्मा, प्रधान आरक्षक रवीन्द्र रैकवार, अमित खैरवार, कृष्ण कुमार सतनामी, आरक्षक भरत बागरी, साइबर सेल के एएसआई दीपेश पटेल और प्रधान आरक्षक संदीप तिवारी ने अहम भूमिका निभाई।


Created On :   24 Aug 2026 2:51 PM IST

Tags

Next Story