- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 50 हजार की ब्राउन शुगर के साथ युवक...
सतना न्यूज: 50 हजार की ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क सतना। मैहर जिले की कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार की ब्राउन शुगर के साथ शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कायमी कर पूछताछ की जा रही है।
घर के पास कर रहा फुटकर बिक्री
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात को मुखबिर के जरिए खबर मिली कि नईम खान उर्फ लल्लू पिता रहीम खान 38 वर्ष निवासी विनैका मोहल्ला मैहर, अपने घर के पास वाली गली में नशीले पदार्थ की फुटकर बिक्री कर रहा है।इस सूचना पर तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना इंचार्ज संतोष उलाडी ने एक टीम के साथ विनैका मोहल्ला में दबिश दी तो पुलिस को देखकर संदेही भागने लगा,जिसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नईम खान बताया, जिसकी तलाशी लेने पर पैंट की एक पालीथिन में जेब से भूरे रंग का पाउडर बरामद हो गया। जांच में उक्त पाउडर के स्मैक(ब्राउन शुगर) होने की पुष्टि हो गई जिसका कुल वजन 10.31 ग्राम और कीमत 50 हजार रुपए निकाली गई।
पूछताछ में मिली अहम जानकारी
आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 5 एवं 13 के तहत कायमी की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने उक्त नशीला पदार्थ प्रयागराज से फुटकर बिक्री के लिए मैहर लाने का खुलासा किया है। पुलिस टीम अब सप्लायर समेत मैहर क्षेत्र में उसके साथियों और रेगुलर कस्टमर्स की जानकारी जुटा रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो नशे के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करने में यह कार्रवाई अहम कड़ी साबित हो सकती है। आरोपी नीम का अपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Created On :   23 Aug 2026 1:12 PM IST












