- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- 20 का कोल्ड ड्रिंक 25 में बेचा, हुई...
Satna News: 20 का कोल्ड ड्रिंक 25 में बेचा, हुई कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,सतना। कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा एवं नाप-तौल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान मिठाई और किराना दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। वहीं अस्वच्छ हालत में दोबारा इस्तेमाल किए जा रहे करीब 100 कार्डबोर्ड पैकेट मौके पर नष्ट कराए गए। एक दुकान पर एमआरपी से अधिक कीमत में कोल्ड ड्रिंक बेचने का मामला भी सामने आया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौर और नाप-तौल निरीक्षक दीपक गौड़ की टीम ने पुरानी बस्ती स्थित प्रमोद कुमार यादव के प्रतिष्ठान से लड्डू का नमूना लिया। यहां खाद्य पदार्थों की पैकिंग में दोबारा इस्तेमाल किए जा रहे करीब 100 अस्वच्छ कार्डबोर्ड पैकेट मिले, जिन्हें नष्ट कराया गया। घूरपुरा-करियापानी स्थित अमिताभ बर्मन की दुकान से लड्डू और बर्फी के नमूने लिए गए।
अरहर दाल का नमूना लिया
सतना रोड स्थित ओम किराना से अरहर दाल का सैंपल लिया गया। देवीजी स्थित चौरसिया प्रसाद भंडार में जांच के दौरान कोल्ड ड्रिंक की बोतल पर एमआरपी 20 अंकित थी, जबकि ग्राहक से 25 लिए जा रहे थे। नाप-तौल विभाग ने उत्पाद जब्त कर प्रकरण दर्ज किया। सभी खाद्य नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।
Created On :   22 Aug 2026 10:14 PM IST












