- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- चेन स्नेचिंग में पकड़े गए बदमाश...
Satna News: चेन स्नेचिंग में पकड़े गए बदमाश निकले यूपी के हिस्ट्रीशीटर
डिजिटल डेस्क, सतना। चित्रकूट थाना क्षेत्र के गुप्त गोदावरी इलाके में चेन स्नेचिंग के दौरान पब्लिक की मदद से पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों बदमाश यूपी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर निकले, एक के खिलाफ तो गैंगेस्टर एक्ट में भी कार्रवाई हो चुकी है, जबकि दूसरे पर बाइक चोरी का प्रकरण पंजीबद्ध है।
टीआई नीलेश तिवारी ने बताया कि 22 अगस्त की दोपहर को पुष्पा देवी पटेल पति मिथलेश कुमार 32 वर्ष, निवासी नौबस्ता-पालदेव, जब घर जा रही थी तब बाइक सवार 2 युवक उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भागने लगे, जिनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने खदेडक़र बदमाशों को पकड़ लिया और डायल 112 पर सूचित कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान आदेश कुमार पुत्र स्वर्गीय राजकुमार पांडेय 30 वर्ष, पुनाहुर-बिसंडा और सौरभचंद्र गौतम पुत्र दिनेश कुमार 27 वर्ष, निवासी गौतमपुर-अंतर्रा, जिला बांदा (यूपी), के रूप में की गई, जिनके कब्जे से मंगलसूत्र और बाइक जब्त की गई। रविवार दोपहर को पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
हत्या समेत कई गंभीर वारदातों में हैं वांटेड
पुलिस के मुताबिक आरोपी आदेश पांडेय के खिलाफ उत्तर प्रदेश में हत्या और हत्या के प्रयास समेत 5 गंभीर अपराध दर्ज हैं, उस पर गैंगेस्टर एक्ट में भी कार्रवाई हो चुकी है।
कुछ समय पहले यूपी पुलिस ने आरोपी को शार्ट एनकाउंटर में गिरफ्तार कर जेल भेजा था, जहां से वह हाल ही में जमानत पर बाहर आया था, जबकि दूसरे आरोपी सौरभ चंद्र गौतम के खिलाफ बाइक चोरी का अपराध पंजीबद्ध है।
आरोपियों से एमपी के चित्रकूट और अन्य इलाकों में लूटपाट और चेन स्नेचिंग समेत कई वारदातों के संबंध में अहम जानकारी हाथ लगी है, जिसकी तस्दीक की जा रही है।
Created On :   23 Aug 2026 9:11 PM IST












