- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- उतैली से लापता नाबालिग की 8...
सतना न्यूज: उतैली से लापता नाबालिग की 8 किलोमीटर दूर नहर में मिली लाश
डिजिटल डेस्क सतना। कोलगवां थाना क्षेत्र की पीएम आवास कॉलोनी उतैली से 9 दिन पहले लापता हुए 15 वर्षीय नाबालिग की लाश घर से लगभग 8 किलोमीटर दूर सकरिया के पास नहर में मिलने से सनसनी फैल गई, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रांशु पुत्र कमल माखीजा अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ पीएम आवास कॉलोनी उतैली में रहता था। बीते 27 जुलाई को दोस्त सुमित के पास जाने की बात कहकर वह घर से निकला, मगर वापस नहीं आया। परिजन की सूचना पर अपहरण का अपराध दर्ज किया गया, तो वहीं माता-पिता ने बेटे की तलाश के लिए एसपी से भी गुहार लगाई थी, पर कुछ नतीजा नहीं निकला।
6 दिन बाद नहर के पास मिले थे कपड़े ---
1 अगस्त को प्रांशु के कपड़े और चप्पल नगर वन के पीछे से निकली नहर के पास मिले, जिससे उसके पानी में डूबने की आशंका बढ़ गई। ऐसे में पुलिस ने एसडीईआरएफ की मदद से सर्चिंग शुरू की, मगर दो दिन चली खोजबीन भी बेनतीजा रही। मंगलवार की सुबह सकरिया के ग्रामीणों ने नहर की रेलिंग में एक शव फंसे देखकर बाबूपुर चौकी में सूचना दी, तो पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाते हुए जिला अस्पताल भेजते हुए संदेह के आधार पर लापता नाबालिग के परिजनों को बुलाया, जिन्होंने गले में पहने हुए चांदी के चेन से शिनाख्त कर ली, तब पोस्टमार्टम कराते हुए लाश सौंप दी गई। पिता और घर वालों ने नाबालिग के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए गंभीरता से जांच की मांग उठाई है।
Created On :   5 Aug 2026 3:23 PM IST











