- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- भैंस चराने निकले ग्रामीण का तालाब...
सतना न्यूज: भैंस चराने निकले ग्रामीण का तालाब में मिला शव
डिजिटल डेस्क सतना। नागौद थाना अंतर्गत डुड़ही गांव में एक ग्रामीण की तालाब में डूबने से मौत हो गई, जिस पर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस ने बताया कि हीरालाल पुत्र पानु चौधरी 55 वर्ष, सोमवार दोपहर को घर से भैंस चराने के लिए निकले, मगर शाम को भैंस अकेेले ही घर लौट आईं। इस बात से परेशान घर वाले उनकी तलाश में जुट गए, पर कुछ पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह गांव के तालाब की मेड़ पर हीरालाल की लाठी और तंबाकू की डिबिया रखी मिली, जिससे पानी में डूबने की आशंका पर डायल 112 में सूचना देकर ग्रामीण अपने स्तर पर भी सर्चिंग में जुट गए। कुछ देर बाद गोताखोरों की टीम भी मौके पर आ गई। अंतत: कुछ घंटों की सर्चिंग के पश्चात लापता ग्रामीण का शव बरामद कर लिया गया, जिसका पोस्टमार्टम नागौद में कराया गया है। फिलहाल मर्ग कायम कर पुलिस घटना के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।
Created On :   5 Aug 2026 3:28 PM IST











