Satna news: खोडरी के बरहा-डेगरहट मार्ग पर फिर दिखा बाघ

बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत

डिजिटल न्यूज़ सतना

चित्रकूट उप वन मंडल के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खोडरी के बरहा-डेगरहट मार्ग पर मंगलवार सुबह एक बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मझगवां क्षेत्र में बाघों की लगातार बढ़ती गतिविधियों के बीच यह घटना एक दिन पहले मझगवां-देवलहा मार्ग पर बाघ के सड़क पर आने की घटना के बाद सामने आई है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह बरहा-डेगरहट रोड पर बाघ की मौजूदगी देखी गई। क्षेत्र में पहले से ही 25 से अधिक बाघों की मौजूदगी बताई जा रही है, जिससे जंगल से लगे गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को जंगल और सुनसान मार्गों पर अकेले आवाजाही नहीं करने की सलाह दी जा रही है।

गौरतलब है कि सोमवार को मझगवां-देवलहा मार्ग पर देवलहा के भड़भड़िया नाले के पास भी एक बाघ वन विभाग द्वारा लगाई गई सुरक्षा बाड़ को छलांग लगाकर सड़क पर आ गया था। कुछ देर सड़क पर रहने के बाद वह सड़क पार कर कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) की ओर चला गया था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।

मझगवां वन परिक्षेत्र के रेंजर रंजन सिंह परिहार ने बताया कि मझगवां वन क्षेत्र बाघ बाहुल्य क्षेत्र है और यहां बाघों की नियमित आवाजाही बनी रहती है। विशेष रूप से सरभंगा सर्किल बाघों का प्रमुख आवास है। उन्होंने लोगों से जंगल से लगे क्षेत्रों में सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाने तथा बाघ दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Created On :   4 Aug 2026 1:05 PM IST

Tags

Next Story