- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- वैन को कार ने पीछे से मारी ठोकर,...
सतना न्यूज: वैन को कार ने पीछे से मारी ठोकर, महिला समेत 2 गंभीर
डिजिटल डेस्क सतना। उचेहरा थाना अंतर्गत रामपथ मार्ग पर दो कारों की भिड़ंत में एक महिला समेत 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कार क्रमांक यूपी 78 एचडी 6005 में सवार होकर यूपी का एक परिवार देवी दर्शन के लिए मैहर जा रहा था। इसी दौरान रामपथ मार्ग पर कुंदहरी के पास तेज रफ्तार कार क्रमांक एमपी 19 जेडपी 6818 ने पीछे से जोरदार ठोकर मार दी, जिससे दोनों गाडिय़ां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हादसे में आगे वाली कार में बैठे कई लोग घायल हो गए, जिनमें से एक महिला और एक पुरुष को गंभीर हालत के चलते एंबुलेंस से उचेहरा अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को सतना रेफर कर दिया गया।
एसडीएम सिटी ने की मदद ---
इस बीच जबलपुर जा रहे एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया भी घटना स्थल पर पहुंच गए, उन्होंने अपनी गाड़ी रोककर पीडि़त यात्रियों से बातचीत करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और उचेहरा एसडीएम समेत पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर दुर्घटना से अवगत कराते हुए बेहतर उपचार कराने की बात कही।
Created On :   4 Aug 2026 4:15 PM IST











